खरगोन में गंगा दशमी के अवसर पर सोमवार सुबह कुंदा नदी में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। सुबह 7 बजे से 10 बजे तक चले अभियान में नदी से करीब पांच ट्रॉली कचरा और जलकुंभी हटाई गई। अभियान में विधायक बालकृष्ण पाटीदार और नगर पालिका अध्यक्ष छाया जोशी ने खुद तगारी में जलकुंभी भरकर श्रमदान किया। नगर पालिका के सीएमओ, पार्षदों और कर्मचारियों ने कचरा ट्रॉलियों में भरने का काम किया। अभियान के जरिए जल संरक्षण और स्वच्छता का संदेश दिया गया। तीन तस्वीरें देखिए… विधायक बोले- स्वच्छ पेयजल सबसे बड़ी चुनौती विधायक बालकृष्ण पाटीदार ने कहा कि ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ समाज और संस्कृति के संरक्षण से जुड़ा महत्वपूर्ण अभियान है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ पेयजल आज सबसे बड़ी चुनौती बन चुका है। पाटीदार ने बताया कि नर्मदा नदी के कारण क्षेत्र में सिंचाई और भूजल स्तर में सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि करीब 10 साल पहले जिले में गंभीर पेयजल संकट था, लेकिन अब जिले की 16 नदियों को स्वच्छ रखना सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति के अनुसार योजनाएं बनाकर जल संरक्षण के प्रयास तेज करने के निर्देश दिए। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने भी किया श्रमदान अभियान में जिला पंचायत सीईओ मिलिंद कुमार नागदेवे, एसडीएम वीरेंद्र कुमार कटारे, नगर पालिका सीएमओ कमला कौल, स्वास्थ्य अधिकारी प्रकाश चित्ते, पार्षदगण और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे। सभी ने नदी से कचरा और जलकुंभी हटाने में सहयोग किया।


