Kota: बस पैर तोड़ना ताकि वो शादी करने नहीं आ सके! होने वाले दूल्हे की 10000 में दी सुपारी, ज्यादा पीटा तो हुई मौत

Kota: बस पैर तोड़ना ताकि वो शादी करने नहीं आ सके! होने वाले दूल्हे की 10000 में दी सुपारी, ज्यादा पीटा तो हुई मौत

Contract Killing Rajasthan: इश्क और नफरत के बीच बुनी गई एक ऐसी साजिश जिसने दो परिवारों की खुशियां मातम में बदल दीं। कोटा के इटावा थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक मंगेतर ने ही अपने होने वाले पति को रास्ते से हटाने के लिए खूनी खेल रचा। महज 10 हजार रुपए की सुपारी देकर युवक के पैर तुड़वाने की कोशिश की गई, लेकिन बदमाशों की बेरहमी ने उसकी जान ले ली। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी युवती और उसके नाबालिग भाई सहित हमलावरों कोपकड़ने की जानकारी सामने आ रही है। पुलिस को युवती पर पहले से ही शक था। मृतक के परिवार ने युवती और उसके भाई पर आरोप लगाए थे।

शादी की दहलीज पर खूनी साजिश

दौलतपुरा निवासी धर्मेंद्र की शादी 1 मई को मुंगेना निवासी जोधराज सेन की बेटी से होनी तय हुई थी। घर में मंगल गीत गाए जा रहे थे, 27 अप्रैल को लग्न का दस्तूर था। लेकिन दुल्हन के मन में कुछ और ही चल रहा था। वह इस शादी से खुश नहीं थी और धर्मेंद्र को नापसंद करती थी। शादी रुकवाने के लिए उसने खौफनाक रास्ता चुना।

10 हजार में तय हुआ ‘सौदा’

पुलिस पूछताछ में जो खुलासा हुआ, उसने खाकी को भी चौंका दिया। युवती ने इटावा के बदमाश मुकुट को महज 10 हजार रुपए की सुपारी दी थी। उसका मकसद धर्मेंद्र को जान से मारना नहीं, बल्कि उसके पैर तुड़वाना था ताकि वह 1 मई को मंडप में बैठने लायक न रहे और शादी टल जाए।

भाई बना ‘मुखबिर’, मंदिर के रास्ते में बिछाया जाल

22 अप्रैल को युवती ने योजना के तहत धर्मेंद्र को कपड़े और गहने खरीदने के बहाने बुलाया। साजिश में युवती ने अपने नाबालिग भाई को भी शामिल किया। खरीदारी के बाद भाई ने धर्मेंद्र को जलेश्वर महादेव मंदिर से पानी लाने के बहाने गौणदी की ओर भेजा। उधर, युवती का भाई लगातार बदमाशों को धर्मेंद्र की लोकेशन दे रहा था। जैसे ही धर्मेंद्र गौणदी और गणेशगंज के बीच पहुंचा, मुकुट गोचर और उसके साथियों ने उस पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।

अत्यधिक रक्तस्राव बना मौत का कारण

हमले के दौरान बदमाशों ने धर्मेंद्र के पैरों पर इतने वार किए कि उसकी नस कट गई। गंभीर हालत में उसे कोटा रेफर किया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी सांसे थम गईं। पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सुजीत शंकर ने बताया कि हमलावर मुकुट खुद भी घायल हुआ है, जिसका इलाज पुलिस निगरानी में चल रहा है।

जांच का दायरा और पुलिस की कार्रवाई

पुलिस अब इस मामले में अन्य शामिल चेहरों की तलाश कर रही है। युवती और उसके भाई की गिरफ्तारी के बाद अब यह जांच की जा रही है कि क्या इस साजिश में परिवार के किसी और सदस्य की भी मौन सहमति थी। फिलहाल, एक घर की डोली उठने से पहले ही दूसरे घर से अर्थी उठने की इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *