Kanpur News:जानिए स्वतंत्र देव सिंह ने “कांग्रेस मुक्त भारत” का क्या मतलब बताया,बयान से गरमाई सियासत

Kanpur News:जानिए स्वतंत्र देव सिंह ने “कांग्रेस मुक्त भारत” का क्या मतलब बताया,बयान से गरमाई सियासत

कानपुर पहुंचे उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कांग्रेस और वंशवाद की राजनीति पर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि जब भाजपा के नेता “कांग्रेस मुक्त भारत” की बात करते हैं तो उसका अर्थ केवल किसी एक पार्टी को समाप्त करना नहीं, बल्कि देश को वंशवाद, नक्सलवाद और माओवाद जैसी विचारधाराओं से मुक्त करना होता है। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में देश से नक्सलवाद और माओवाद लगभग समाप्त हो चुका है।

भाजपा के प्रशिक्षण वर्ग में पहुंचे मंत्री

कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह भाजपा कानपुर ग्रामीण इकाई के दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग के उद्घाटन सत्र में मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होने कानपुर पहुंचे थे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान उन्होंने संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की।

“भाजपा में कार्यकर्ता ही सबसे बड़ा”

स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि भाजपा एक ऐसी पार्टी है जहां कार्यकर्ता ही सबसे बड़ा होता है। उन्होंने कहा कि भाजपा में कोई भी सामान्य कार्यकर्ता मेहनत और समर्पण के बल पर बड़े पद तक पहुंच सकता है। देश की जनता लगातार यह देख रही है कि पार्टी ने साधारण कार्यकर्ताओं को बड़े दायित्व दिए हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।

विपक्ष पर भी साधा निशाना

अपने संबोधन में मंत्री ने विपक्षी दलों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश की जनता अब परिवारवाद की राजनीति को समझ चुकी है और विकास तथा राष्ट्रवाद की राजनीति को समर्थन दे रही है। उन्होंने दावा किया कि आज पूरे देश में भाजपा का जनाधार लगातार बढ़ रहा है। पश्चिम बंगाल का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वहां भी भाजपा तेजी से मजबूत हो रही है और पार्टी कार्यकर्ता पूरी ताकत के साथ काम कर रहे हैं।

संगठन विस्तार पर दिया जोर

प्रशिक्षण वर्ग में भाजपा नेताओं ने संगठन विस्तार, केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं तथा आगामी चुनावों की तैयारियों पर भी चर्चा की। स्वतंत्र देव सिंह ने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच जाकर सरकार की उपलब्धियां पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के हित में लगातार काम कर रही है और यही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *