Kanpur News:महंगाई पर कांग्रेस का हमला, बोली- 10 दिन में तीन बार ‘जेब पर वार’

कानपुर। पेट्रोल, डीजल और सीएनजी के लगातार बढ़ते दामों को लेकर कांग्रेस ने केंद्र की भाजपा सरकार पर बड़ा हमला बोला है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस के सोशल मीडिया अकाउंट X पर किए गए पोस्ट में सरकार की आर्थिक नीतियों को आम जनता विरोधी बताते हुए महंगाई को लेकर तीखा सवाल उठाया गया है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि बीते 10 दिनों में तीन बार ईंधन के दाम बढ़ाकर सरकार ने जनता की कमर तोड़ने का काम किया है।

कांग्रेस बोली- ‘बहुत हुई महंगाई की मार’ अब बना जनता पर वार

कांग्रेस ने अपने पोस्ट में लिखा कि “10 दिन में तीन बार वार, यही है भाजपा सरकार का महंगाई उपहार।” पार्टी ने कहा कि जिस भाजपा ने कभी “बहुत हुई महंगाई की मार” का नारा देकर सत्ता हासिल की थी, वही आज देश को महंगाई के दलदल में धकेल रही है। कांग्रेस के अनुसार पेट्रोल में 87 पैसे प्रति लीटर और डीजल में 91 पैसे प्रति लीटर की ताजा बढ़ोतरी ने आम आदमी की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।

पार्टी ने कहा कि बढ़ती महंगाई का असर सिर्फ वाहन चालकों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका सीधा असर रसोई, परिवहन, फल-सब्जियों और रोजमर्रा की जरूरत की चीजों पर पड़ रहा है। कांग्रेस का आरोप है कि सरकार को आम जनता की जेब और थाली से कोई सरोकार नहीं रह गया है।

ईरान युद्ध को बताया बहाना

कांग्रेस ने अपने बयान में अंतरराष्ट्रीय हालात को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। पार्टी ने कहा कि ईरान युद्ध का हवाला देकर तेल की कीमतें बढ़ाना सिर्फ एक बहाना है। असल मकसद तेल कंपनियों के घाटे की भरपाई जनता से करना है। कांग्रेस ने इसे “लूटतंत्र की नीति” बताते हुए कहा कि लगातार बढ़ती कीमतों से मध्यम वर्ग, किसान और मजदूर सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं।

जनता से आवाज उठाने की अपील

कांग्रेस ने अपने पोस्ट के जरिए जनता से महंगाई के खिलाफ आवाज उठाने की अपील भी की। पार्टी नेताओं का कहना है कि अगर इसी तरह पेट्रोल-डीजल और सीएनजी की कीमतें बढ़ती रहीं तो आने वाले समय में आम लोगों का घर चलाना और मुश्किल हो जाएगा। वहीं भाजपा की ओर से अभी तक कांग्रेस के इन आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *