Kanpur News:डी-फार्मा के नाम पर 2.5 लाख की ठगी, थमाई फर्जी डिग्री, धमकी के बाद FIR दर्ज

Kanpur News:डी-फार्मा के नाम पर 2.5 लाख की ठगी, थमाई फर्जी डिग्री, धमकी के बाद FIR दर्ज

कानपुर के रावतपुर में शिक्षा के नाम पर ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। यहां शिव नगर निवासी एक महिला से डी-फार्मा कोर्स में बेटे का दाखिला कराने के नाम पर 2.5 लाख रुपये ठग लिए गए। आरोपियों ने न सिर्फ फर्जी डिग्री थमा दी, बल्कि विरोध करने पर पीड़ित परिवार को जान से मारने और झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी भी दी। डीसीपी पश्चिम को तहरीर देने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कैसे हुआ पूरा फर्जीवाड़ा?

पीड़िता सरिता मिश्रा पत्नी उदय नारायण मिश्रा, निवासी शिव नगर, मसवानपुर ने पुलिस को बताया कि उनके यहां उड़ीसा का रहने वाला सुकांत कुमार उर्फ कुन्ना किराये पर रहता था। उसने विश्वास में लेकर उनके बेटे सचिन मिश्रा का डी-फार्मा में दाखिला कराने और जल्द नौकरी दिलाने का लालच दिया। आरोपी ने कोर्स की फीस 5 लाख रुपये बताई। सरिता ने भरोसा कर दो किस्तों में 2.5 लाख रुपये नगद दे दिए।

आरोपी ने भरोसा दिलाया कि पढ़ाई और एडमिशन पूरी तरह ऑनलाइन होगा। काफी समय बीत गया और कोरोना काल भी गुजर गया, लेकिन डिग्री नहीं मिली। दबाव बनाने पर सुकांत ने डी-फार्मा का एक प्रमाणपत्र लाकर दे दिया।

साइबर कैफे में खुली पोल

प्रमाणपत्र पर संदेह होने पर जब सरिता ने उसे साइबर कैफे में चेक कराया तो पता चला कि डिग्री पूरी तरह फर्जी है। शिकायत करने पर आरोपी सुकांत ने कहा कि डिग्री असली है और शिवली रोड टिकरा के पास अस्पताल चलाने वाले गजेन्द्र सिंह से बात करने को कहा। जब पीड़िता ने गजेन्द्र सिंह को फोन किया तो उसने “लखनऊ से ऑनलाइन प्रक्रिया चल रही है, जल्द हो जाएगा” कहकर टालमटोल कर दी। इसके बाद दोनों आरोपियों ने फोन उठाना बंद कर दिया।

धमकी से दहशत में परिवार

पीड़िता का आरोप है कि जब उन्होंने पैसे वापस मांगे तो सुकांत उर्फ कुन्ना अपने साथियों के साथ घर आया और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। साथ ही कई झूठे मुकदमों में फंसाने की बात भी कही। सरिता ने तहरीर में शैलेन्द्र कुमार के भी घर आने और इस पूरे फर्जीवाड़े में शामिल होने की बात कही है।

पुलिस ने दर्ज किया केस

मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी पश्चिम के निर्देश पर पनकी थाना पुलिस ने सुकांत कुमार उर्फ कुन्ना, गजेन्द्र सिंह और शैलेन्द्र कुमार के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *