कानपुर में सट्टे की लत में 5 लाख रुपये गंवाने के बाद एक युवक ने होटल के कमरे में फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। मृतक की पहचान रावतपुर के सराय निवासी 32 वर्षीय प्रशांत दीक्षित के रूप में हुई है। वह पनकी स्थित टाटा स्टील्स की फ्रेंचाइजी में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत था। घटना के बाद परिजनों ने क्षेत्र के तीन युवकों पर जबरन सट्टा खिलाने और रुपये के लिए मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का गंभीर आरोप लगाया है।
ड्यूटी का बहाना बनाकर घर से निकला, होटल में मिला शव
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रशांत दीक्षित अपनी पत्नी अंशिका, डेढ़ साल की मासूम बेटी भव्या और मां अर्चना के साथ रावतपुर के सराय मोहल्ले में रहता था। परिजनों ने बताया कि गुरुवार सुबह करीब 9 बजे प्रशांत रोज की तरह ड्यूटी जाने की बात कहकर घर से निकला था। लेकिन वह पनकी स्थित अपने ऑफिस न जाकर सीधे कल्याणपुर स्थित होटल रास प्लाजा पहुंच गया।
होटल के मैनेजर ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि प्रशांत सुबह करीब 10:45 बजे होटल आया था। उसने पहचान पत्र दिखाकर कमरा नंबर 302 बुक कराया। चेक-इन के दौरान प्रशांत ने रिसेप्शन पर बताया था कि उसे शाम 5 बजे तक कमरा खाली करना है, क्योंकि उसे किसी जरूरी काम से जाना है।
शाम तक नहीं खुला दरवाजा तो हुआ शक
शाम 5 बजे के बाद भी जब प्रशांत ने कमरा खाली नहीं किया और न ही रिसेप्शन पर संपर्क किया, तो होटल स्टाफ को शक हुआ। होटल के एक कर्मचारी ने बताया, “हमने कई बार कमरे के इंटरकॉम पर फोन किया, दरवाजा भी खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। अनहोनी की आशंका पर हमने तुरंत मैनेजर को सूचना दी।” इसके बाद होटल प्रबंधन ने बिना देर किए कल्याणपुर थाने को पूरी घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही कल्याणपुर पुलिस टीम फोरेंसिक एक्सपर्ट्स के साथ मौके पर पहुंच गई।
पंखे से लटका मिला शव, कमरे से नहीं मिला सुसाइड नोट
पुलिस ने होटल स्टाफ की मौजूदगी में कमरा नंबर 302 का दरवाजा तोड़ा। कमरे के अंदर का दृश्य देखकर सभी के होश उड़ गए। प्रशांत का शव बेड की चादर से बनाए गए फंदे के सहारे पंखे से लटका हुआ था। पुलिस ने तुरंत शव को नीचे उतारा और जांच शुरू की।
बहनोई का आरोप: जबरन खिलाते थे सट्टा, मांगते थे रुपये
इधर, घटना की सूचना मिलते ही मृतक प्रशांत के परिजन रोते-बिलखते होटल रास प्लाजा पहुंच गए। पत्नी अंशिका और मां अर्चना का रो-रोकर बुरा हाल था। डेढ़ साल की बेटी भव्या को कुछ समझ नहीं आ रहा था।।मृतक के बहनोई दीप अग्निहोत्री ने पुलिस को बताया कि प्रशांत को सट्टा खेलने की लत लग गई थी। पिछले कुछ महीनों में वह ऑनलाइन और ऑफलाइन सट्टे में करीब 4 से 5 लाख रुपये हार चुका था। दीप का दावा है कि क्षेत्र के तीन युवक प्रशांत पर सट्टा खेलने का दबाव बनाते थे।जब प्रशांत के पास रुपये खत्म हो गए तो वे तीनों उससे उधार के रुपये मांगने लगे। न देने पर उसे धमकाते थे और बेइज्जत करते थे। इसी मानसिक तनाव के चलते मेरे साले ने यह कदम उठा लिया है।
पुलिस जांच में जुटी, मोबाइल और CCTV खंगाले जा रहे
कल्याणपुर इंस्पेक्टर संतोष सिंह ने बताया, “प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हमने कमरे की गहन तलाशी ली, लेकिन कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। मृतक का मोबाइल फोन कब्जे में लेकर जांच के लिए भेज दिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए हैलट अस्पताल भेज दिया गया है। मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। जिन तीन युवकों के नाम सामने आए हैं, उन्हें थाने बुलाकर पूछताछ की जाएगी। प्रशांत के मोबाइल की कॉल डिटेल और व्हाट्सएप चैट भी रिकवर कराई जा रही है।होटल के एंट्री गेट से लेकर तीसरी मंजिल तक के सभी सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है।


