Jodhpur Crime News: जोधपुर के खांडा फलसा थाना क्षेत्र में एक महिला ने अपने मौसेरे भाई के खिलाफ जबरन शारीरिक संबंध बनाने और मानसिक प्रताड़ना का मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह अपने पति से अलग रह रही है और पिछले करीब दो वर्षों से जोधपुर में किराए के मकान में अपने मौसेरे भाई के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी।
बता दें कि आरोपी भी अपनी पत्नी से अलग रहता है। महिला का आरोप है कि साथ रहने के दौरान आरोपी ने उसके साथ जबरदस्ती की और लंबे समय तक मानसिक रूप से प्रताड़ित करता रहा।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर पीड़िता का मेडिकल परीक्षण करवाया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोनों पक्षों के बयान लिए जाएंगे।
जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस फिलहाल आरोपी की भूमिका और महिला द्वारा लगाए गए आरोपों की सत्यता की जांच में जुटी हुई है।
10 साल की मासूम से ज्यादती का प्रयास, गिरफ्तार
जोधपुर कमिश्नरेट के एक थाना क्षेत्र में 10 साल की मासूम बच्ची के साथ छेड़छाड़ और ज्यादती के प्रयास का एक बेहद संवेदनशील और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। इस घिनौनी वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह दर्दनाक घटना करीब 4-5 दिन पहले की है। मासूम बच्ची अपने घर पर मौजूद थी, तभी पड़ोस में रहने वाले एक युवक की नीयत खराब हो गई। बच्ची को अकेला पाकर आरोपी ने उसे बहलाया-फुसलाया और अपने कमरे पर ले गया। वहां उसने मासूम को अपनी हवस का शिकार बनाने और ज्यादती करने का प्रयास किया।
आरोपी की इस हरकत से घबराकर जब मासूम दर्द के मारे जोर-जोर से चीखने-चिल्लाने लगी, तो आरोपी डर गया। वह मासूम बच्ची को तड़पता हुआ छोड़कर मौके से फरार हो गया। बाद में जब परिजनों को इस बात का पता चला, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई और उन्होंने तुरंत मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया। पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल मुआयना करवाया और कोर्ट में मजिस्ट्रेट के समक्ष बच्ची के बयान दर्ज करवाए। ठोस सबूतों और बयानों के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया है और उससे सख्त पूछताछ की जा रही है।


