Jaya Kishori: आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में दुनिया का हर दूसरा इंसान मानसिक शांति की तलाश में है, लेकिन सब कुछ हासिल करने के बाद भी उसे सुकून नहीं मिल पाता। कई बार ऐसी स्थिति आती है कि महीने के 29 दिन ठीक बीतने के बाद भी, अगर गलती से एक दिन खराब हो जाए, तो कुछ लोगों को लगने लगता है कि उनका पूरा जीवन ही व्यर्थ हो गया है। ऐसे में मशहूर कथावाचिका और मोटिवेशनल स्पीकर जया किशोरी जी के विचार आपका मार्गदर्शन कर सकते हैं।
एक वक्ता और भजन गायिका (Jaya Kishori) के रूप में, उन्होंने अपनी सरल और प्रभावी भाषा के माध्यम से लाखों लोगों के जीवन में सकारात्मकता का संचार किया है। उनकी लोकप्रियता का सबसे बड़ा कारण यह है कि वे धर्म और अध्यात्म को केवल ग्रंथों तक सीमित नहीं रखतीं, बल्कि उन्हें आज की व्यावहारिक समस्याओं से जोड़कर समझाती हैं। आज के इस लेख में आइए, मानसिक शांति के लिए जया किशोरी जी के विचारों को समझते हैं।
जया किशोरी जी के विचारों को समझें
जया किशोरी जी जीवन में शांति पाने के लिए कहती हैं कि, “जीवन में कुछ क्षण बिगड़ जाने से, पूरा जीवन व्यर्थ नहीं होता।” उनका यह विचार जीवन के प्रति एक संतुलित नजरिया रखने की सीख देता है। अक्सर लोग अपनी एक छोटी सी असफलता या किसी बुरे अनुभव को अपने पूरे भविष्य से जोड़ लेते हैं और निराश हो जाते हैं। ऐसे में किशोरी जी याद दिलाती हैं कि जीवन किसी एक घटना या एक बुरे दिन के हिसाब से नहीं चलता।
इसे अपनी लाइफ में कैसे उतारें?
जया किशोरी जी की सीख को अपने जीवन में उतारने के लिए सबसे पहले हमें खुद को कोसना बंद करना होगा। अक्सर लोग छोटी-छोटी गलतियों पर खुद की आलोचना करने लगते हैं और यह मान लेते हैं कि उनका पूरा जीवन खराब हो गया है। इसके बजाय, हमें अपनी गलतियों को सीखने का एक जरिया मानना चाहिए। जिस तरह जीवन में कुछ क्षण बिगड़ने से पूरी जिंदगी खराब नहीं होती, उसी तरह किसी भी असफलता से हार मानने के बजाय उससे सबक लेकर आगे बढ़ना चाहिए।
इसके अलावा, अपनी तुलना दूसरों से करना बंद कर दें। हर व्यक्ति का संघर्ष अलग होता है। इसलिए दूसरों की चमक देखकर अपनी मेहनत को कम आंकना मानसिक अशांति का सबसे बड़ा कारण है। जब आप खुद को समझना और अपनी कमियों को स्वीकार करना शुरू कर देंगे, तो बाहरी परिस्थितियों का आप पर असर कम हो जाएगा और तब आप अपने जीवन में असल में शांति महसूस कर पाएंगे।


