‘ईरान में रिजीम चेंज हो चुका है’, तेहरान से बातचीत से पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का बड़ा बयान

‘ईरान में रिजीम चेंज हो चुका है’, तेहरान से बातचीत से पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का बड़ा बयान

US President Donald trump on Iran: अमेरिका और ईरान के बीच पाकिस्तान में होने वाली दूसरे दौर की वार्ता से पहले राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को कहा कि जंग को खत्म करने के लिए एक शानदार डील हो जाएगी, हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि बुधवार को खत्म होने वाले सीजफायर को आगे बढ़ाने की उनकी कोई योजना नहीं है।

CNBC के साथ एक इंटरव्यू में जब ट्रंप से पूछा गया कि ईरान के साथ शांति वार्ता के दूसरे दौर से उन्हें क्या उम्मीद है, तो उन्होंने कहा, ‘मुझे लगता है कि उनके पास कोई और चारा नहीं है।’ राष्ट्रपति ने कहा, ‘हमने उनकी नेवी को खत्म कर दिया है, हमने उनकी एयरफोर्स को खत्म कर दिया है, हमने उनके नेताओं को खत्म कर दिया है।’

ट्रंप ने कहा, ‘सच कहूं तो, हमने उनके नेताओं को खत्म कर दिया है, जिससे एक तरह से चीजें थोड़ी मुश्किल हो गई हैं, लेकिन ये नए नेता ज्यादा समझदार हैं। उन्होंने आगे कहा, ‘यह सत्ता परिवर्तन (regime change) है, आप इसे चाहे जो भी नाम दें; हालांकि मैंने यह कभी नहीं कहा था कि मैं ऐसा करूंगा, लेकिन मैंने इसे परोक्ष रूप से कर दिखाया है।’

जब उनसे पूछा गया कि क्या वह शांति वार्ता के लिए और समय देने और जंग खत्म करने की डील पक्की करने के लिए सीजफायर को आगे बढ़ाएंगे, तो ट्रंप ने कहा, ‘नहीं, मैं ऐसा नहीं करना चाहता।’

वहीं इस इंटरव्यू से पहले उन्होंने ट्रुथ सोशल पर डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर सीजफायर तोड़ने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ईरान ने बार-बार युद्ध विराम का उल्लंघन किया है।

‘होर्मुज की नाकाबंदी अमेरिका की गलती’

उधर, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने होर्मुज स्ट्रेट की नाकाबंदी को अमेरिका की गलती बताया है। उन्होंने अमेरिकी कदम को गैर रणनीतिक करार दिया, जिसके चलते क्षेत्रीय हालात और जटिल हो गए हैं। इमैनुएल मैक्रों ने कहा कि अमेरिका के होर्मुज स्ट्रेट नाकाबंदी के फैसले के बाद ईरानी अधिकारियों ने अपना रुख बदल लिया।

वहीं, रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने कहा कि इस्लामाबाद में होने वाली वार्ता पर रूस नजर बनाए हुए है और स्थिति का जायजा कर रहा है। लावरोव ने कहा कि मौजूदा हालात तेजी से बदल रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *