Jaipur Domestic Flights : जयपुर से 7 घरेलू उड़ानें बंद, महंगे एटीएफ ने बिगड़ा एयरलाइंस का गणित

Jaipur Domestic Flights : जयपुर से 7 घरेलू उड़ानें बंद, महंगे एटीएफ ने बिगड़ा एयरलाइंस का गणित

Jaipur Domestic Flights : जयपुर पैसेंजर अटेंशन प्लीज…! यदि आप आने वाले दिनों में हवाई यात्रा की योजना बना रहे है तो टिकट बुक करने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस जरूर जांच लें। एविएशन टर्बाइन फ्यूल (एटीएफ) महंगा होने के बाद एयरलाइंस कंपनियों ने इंटरनेशनल उड़ानों के बाद अब कम मुनाफे वाले डोमेस्टिक रूटों पर भी कैंची चलानी शुरू कर दी है। इसके तहत सोमवार से जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से संचालित सात घरेलू उड़ानों को अस्थायी रूप से बंद किया जा रहा है।

एयरलाइन सूत्रों के अनुसार देश की प्रमुख एयरलाइंस जून से अगस्त के बीच अपने नेटवर्क में कटौती कर रही है। जयपुर से संचालित सात उड़ानें प्रभावित होंगी। वर्तमान में जयपुर एयरपोर्ट से प्रतिदिन औसतन 55 उड़ानों का संचालन हो रहा है, जो अब घटकर करीब 48 रह जाएगा। इससे पहले जयपुर-दुबई की दोनों उड़ानें और जयपुर-बैंकॉक की उड़ान भी अस्थायी रूप से बंद हो चुकी है।

महंगा हुआ फ्यूल

बताया जा रहा है कि ईरान-अमरीकी तनाव के बीच जेट फ्यूल की कीमतें फरवरी 2026 के 831 डॉलर प्रति टन से बढ़कर अप्रैल-मई में 1838 डॉलर प्रति टन पहुंच गई है। एयरस्पेस डायवर्जन से उड़ानें लंबी हो रही है और ईंधन खर्च 30-40 फीसदी से बढ़कर 55-60 फीसदी तक पहुंच गया है।

ये उड़ानें अस्थायी बंद

एयरलाइन – रूट – समय
एयर इंडिया – जयपुर-मुंबई सुबह 6 बजे।
स्पाइसजेट – जयपुर-मुंबई दोपहर 1.40 बजे।
इंडिगो – जयपुर-नवी मुंबई दोपहर 3.55 बजे।
एयर इंडिया – जयपुर-मुंबई – शाम 7.40 बजे।
एयर इंडिया – जयपुर-दिल्ली दोपहर 1.40 बजे।
एयर इंडिया – जयपुर-दिल्ली शाम 5.10 बजे।
एयर इंडिया एक्स.- जयपुर-बेंगलुरु रात 10:55 बजे।

मुंबई रूट पर सबसे बड़ा झटका

सबसे ज्यादा असर जयपुर मुंबई रूट पर पड़ेगा। यहां संचालित 10 उड़ानों में से चार बंद हो जाएंगी। दिल्ली रूट पर छह से चार और बेंगलुरु रूट पर 5-6 उड़ानें रह जाएंगी। नवी मुंबई रूट भी प्रभावित होगा। इससे व्यापारिक और कॉर्पोरेट यात्रियों की परेशानी बढ़ सकती है। विशेषज्ञों के अनुसार AC उड़ानों की संख्या घटने से यात्रियों के विकल्प सीमित होंगे।

देशभर में भी दिखेगा असर

एक जून से देशभर में करीब 250 घरेलू उड़ानें कम की जा रही हैं। एयर इंडिया जून-जुलाई में अपने घरेलू नेटवर्क में करीब 22 फीसदी कटौती कर रही है, इंडिगो 5 से 7 फीसदी और एयर इंडिया एक्सप्रेस करीब 10 फीसदी उड़ानें घटा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *