जेल चुंगी-किला परीक्षितगढ़ मार्ग पर पुलिया निर्माण कार्य के चलते 23 से 26 मई तक हल्के चौपहिया और भारी वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद रहेगा। यातायात पुलिस ने इसके लिए वैकल्पिक रूट जारी कर दिया है। एसपी ट्रैफिक राजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि जेल चुंगी चौराहे से किला परीक्षितगढ़ मार्ग पर किलोमीटर संख्या-7 स्थित बीएनजी इंटरनेशनल स्कूल के पास पुलिया निर्माण कराया जाएगा। यह कार्य 23 मई की सुबह से शुरू होकर 26 मई की रात तक चलेगा। निर्माण कार्य के दौरान जेल चुंगी चौराहे से बीएनजी तिराहे के आगे तक इस मार्ग पर वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद रहेगा। यह रहेगा डायवर्जन प्लान जेल चुंगी से किला परीक्षितगढ़ जाने वाले वाहन साकेत चौराहे से मवाना रोड होते हुए गंगानगर नाला कट से दाहिने मुड़कर बीएनजी इंटरनेशनल स्कूल तिराहा होकर अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे। किला परीक्षितगढ़ की ओर से मेरठ शहर आने वाले वाहन बीएनजी इंटरनेशनल स्कूल तिराहा से दाहिने मुड़कर गंगानगर नाला कट और साकेत चौराहा होते हुए शहर में प्रवेश कर सकेंगे। एसपी ट्रैफिक ने बताया कि 27 मई से इस मार्ग पर केवल हल्के दोपहिया और चारपहिया वाहनों को ही अनुमति दी जाएगी। भारी वाहनों के लिए डायवर्जन व्यवस्था पुल निर्माण कार्य पूरा होने तक लागू रहेगी।


