ईरान ने खोला होर्मुज स्ट्रेट, लेकिन तेहरान को लेकर डोनाल्ड ट्रंप का बड़ा ऐलान, बोले-जारी रहेगी नाकेबंदी

ईरान ने खोला होर्मुज स्ट्रेट, लेकिन तेहरान को लेकर डोनाल्ड ट्रंप का बड़ा ऐलान, बोले-जारी रहेगी नाकेबंदी

US President Donald Trump on Iran: युद्ध विराम तक होर्मुज स्ट्रेट खोले जाने की तेहरान की घोषणा के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने ट्रुथ सोशल के जरिए कहा, ‘होर्मुज स्ट्रेट (Strait of Hormuz) व्यापार और पूर्ण आवागमन के लिए पूरी तरह से खुला और तैयार है, लेकिन ईरान के संदर्भ में नौसैनिक नाकेबंदी (Naval Blockade) तब तक पूरी ताकत के साथ प्रभावी रहेगी, जब तक कि उनके साथ हमारा समझौता शत-प्रतिशत पूरा नहीं हो जाता। यह प्रक्रिया बहुत जल्द पूरी होनी चाहिए क्योंकि अधिकांश बिंदुओं पर पहले ही बातचीत हो चुकी है। इस मामले पर ध्यान देने के लिए धन्यवाद!’

इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने होर्मुज स्ट्रेट खोले जाने पर खुशी जाहिर करते हुए ट्रुथ सोशल पर लिखा, ‘ईरान ने अभी-अभी घोषणा की है कि होर्मुज स्ट्रेट पूरी तरह से खुला है और यातायात के लिए पूरी तरह से तैयार है।’

ईरान के विदेश मंत्री ने क्या कहा

ईरान के विदेश अब्बास अराघची ने सोशल मीडिया एक्स पर होर्मुज स्ट्रेट को खोले जाने की घोषणा की। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में लिखा, ‘लेबनान में युद्धविराम के अनुरूप होर्मुज स्ट्रेट से सभी वाणिज्यिक जहाजों के लिए मार्ग युद्धविराम की शेष अवधि के लिए पूरी तरह से खुला घोषित किया जाता है।’

इस दौरान ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने यह भी स्पष्ट किया कि कुछ समुद्री प्रतिबंध अभी भी लागू हैं और जहाजों को ईरानी अधिकारियों द्वारा पहले से बताए हुए मार्ग पर चलना आवश्यक है।

होर्मुज खुलने के बाद तेल की कीमतों में गिरावट

ईरान द्वारा होर्मुज स्ट्रेट खोले जाने की घोषणा के बाद वैश्विक बाजार में तेल की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ब्रेंट क्रूड 11.12 डॉलर गिरकर 88.27 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया है। वहीं अमेरिकी WTI क्रूड 11.40 डॉलर गिरकर 83.29 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया है।

उधर फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने कहा है कि मिडिल-ईस्ट में मर्चेंट जहाजों की सुरक्षा के लिए फ्रेंच नेवी तैनात की जाएगी। यह कदम समुद्री व्यापार को सुरक्षित करने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन रास्तों पर सुरक्षित वैश्विक सप्लाई और तेल व्यापार के लिए बेहद जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *