अमेठी में महिला से मंगलसूत्र लूट की सूचना फर्जी निकली:पुलिस जांच में पुष्टि नहीं, सीसीटीवी फुटेज में भी सुराग नहीं

अमेठी में महिला से मंगलसूत्र लूट की सूचना फर्जी निकली:पुलिस जांच में पुष्टि नहीं, सीसीटीवी फुटेज में भी सुराग नहीं

अमेठी में एक महिला द्वारा मंगलसूत्र लूट की दी गई सूचना फर्जी निकली। मंगलवार को दुर्गापुर मार्ग पर गुंगवाछ के पास एक महिला ने डायल 112 पर फोन कर बाइक सवार बदमाशों द्वारा तमंचे के बल पर लूट की जानकारी दी थी। हालांकि, पुलिस की जांच में यह घटना झूठी पाई गई। लूट की सूचना मिलने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था। तिवारीपुर गूंजवाछ गांव की निवासी सोनी गुप्ता ने डायल 112 पर बताया था कि वह अपनी बहन के साथ टीकरमाफी बाजार से घर लौट रही थीं। गुंगवाछ के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने तमंचा दिखाकर उनका मंगलसूत्र लूट लिया और मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही डायल 112 और कोतवाली पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और रास्ते में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली। हालांकि, जांच में लूट की घटना की पुष्टि नहीं हो सकी। न तो किसी ने बदमाशों को देखा और न ही सीसीटीवी में कोई संदिग्ध गतिविधि रिकॉर्ड हुई। सीओ मनोज कुमार मिश्र ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि डायल 112 पर मिली सूचना के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। आसपास के लोगों से पूछताछ और सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद भी घटना की पुष्टि नहीं हो रही है। प्रथम दृष्टया यह मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। कोतवाली पुलिस अभी भी मामले की जांच कर रही है। सीओ ने बताया कि जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि बिना पुष्टि के किसी भी तरह की अफवाह न फैलाएं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *