गोमती नदी में नहाते समय किशोर डूबा:अमेठी में दोस्तों के साथ गया था, देर रात तक चला सर्च ऑपरेशन

गोमती नदी में नहाते समय किशोर डूबा:अमेठी में दोस्तों के साथ गया था, देर रात तक चला सर्च ऑपरेशन

अमेठी के बाजार शुकुल थाना क्षेत्र के तेतारपुर गांव में मंगलवार देर शाम गोमती नदी में नहाने गया एक 17 वर्षीय किशोर गहरे पानी में डूब गया। अपने तीन दोस्तों के साथ नदी में उतरे इस किशोर की देर रात तक तलाश की गई, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। घटना के बाद से गांव में हड़कंप मचा हुआ है। जानकारी के अनुसार, तेतारपुर गांव निवासी मनीष (17) पुत्र रज्जन मंगलवार शाम अपने तीन साथियों के साथ गोमती नदी में नहाने गया था। नहाते समय मनीष अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। मनीष को डूबता देख उसके दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन वे सफल नहीं हो सके। उन्होंने शोर मचाया, जिसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बाजार शुकुल थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से नदी में किशोर की तलाश शुरू की। देर शाम की घटना होने के कारण अंधेरा बढ़ गया और स्थानीय गोताखोर भी उपलब्ध नहीं हो सके। पुलिस और ग्रामीणों ने देर रात तक टॉर्च की रोशनी में मनीष की तलाश की, लेकिन कोई कामयाबी नहीं मिली। इसके बाद एसडीआरएफ (राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल) को मौके पर बुलाया गया। इस हादसे के बाद तेतारपुर गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने बताया कि एसडीआरएफ की टीम बुधवार सुबह फिर से सर्च ऑपरेशन चलाएगी। फिलहाल, नदी में किशोर की तलाश जारी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *