अंबाला में मोती नगर के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में 8 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई, जबकि उसके पिता और भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब परिवार दोस्त के घर से होली खेलकर लौट रहा था। पुलिस ने बाइक सवार के खिलाफ केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। जानकारी के अनुसार, महावीर नगर निवासी मनोज कुमार (44) अपनी पत्नी प्रीति, बेटे तनय (13) और बेटी देवेशी (8) के साथ बुधवार को दोस्त के घर से होली खेलकर लौट रहे थे। जैसे ही परिवार मोती नगर स्थित गुरुनानक फर्नीचर हाउस के पास पहुंचा, सामने से आ रही एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार बाइक ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। मासूम की मौत, भाई की हालत गंभीर हादसे के तुरंत बाद राहगीरों ने सभी घायलों को नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने 8 वर्षीय देवेशी को मृत घोषित कर दिया। मनोज के 13 वर्षीय बेटे तनय की हालत गंभीर होने के कारण उसे चंडीगढ़ पीजीआई रेफर किया गया है। मनोज कुमार को भी इस हादसे में गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने दर्ज किया मामला अंबाला सिटी थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है। मनोज कुमार की शिकायत पर अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि फरार बाइक सवार की पहचान की जा सके। जांच अधिकारी ने बताया कि त्योहार के दिन हुई यह घटना बेहद दुखद है। आरोपी ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है और उसकी तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।


