संभल में गंगा स्नान के दौरान एक 22 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। यह घटना जनपद संभल की तहसील गुन्नौर के थाना जुनावई क्षेत्र के साधुमणि आश्रम गंगा घाट पर हुई। मृतक अपने 14 साथियों के साथ दोपहर करीब 1 बजे स्नान करने गया था। जानकारी के अनुसार, गंगा में पानी कम था, लेकिन युवक गहरे गड्ढे में चला गया और डूबने लगा। उसके साथियों ने शोर मचाया, जिसके बाद गंगा घाट पर मौजूद स्थानीय गोताखोरों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। लगभग एक घंटे की तलाश के बाद, युवक का शव घटना स्थल से करीब 100 मीटर दूर बरामद किया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया मृतक की पहचान भद्रपाल सिंह (22 वर्षीय) पुत्र यादराम, निवासी गांव बमनेटा, थाना बहजोई के रूप में हुई है। वह अपने गांव के देवशंकर, चित्रसेन, महिपाल, ओमपाल, नेत्रपाल, कोमल सिंह, पप्पू सहित 14 अन्य लोगों के साथ स्नान करने आया था। युवक के डूबने की सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को भी सूचित किया गया, जो अस्पताल पहुंचे। थाना प्रभारी धीरज सिंह ने बताया कि परिजनों की मांग पर युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मृतक के साथ गंगा स्नान करने गए देवशंकर ने बताया कि सभी साथी पल्लेदारी का काम करते हैं। काम से छुट्टी मिलने के बाद अत्यधिक गर्मी के कारण वे गंगा घाट पर स्नान करने आए थे।


