पीलीभीत के पूरनपुर क्षेत्र में एक शादी समारोह में विवाद के बाद एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। नशे में धुत कुछ लोगों ने लोहे की रॉड से हमला कर युवक का सिर फोड़ दिया। यह घटना सिरसा रोड स्थित एक मैरिज पैलेस में हुई। शिकायतकर्ता कपिल, जो सिकरहना गांव के निवासी हैं, ने बताया कि 27 अप्रैल की रात वह अपनी साली की शादी में शामिल होने मैरिज पैलेस आए थे। आरोप है कि वर पक्ष से आए खमरिया पट्टी निवासी एक युवक ने शराब के नशे में लड़की पक्ष के आशीष और राजेश को गाली-गलौज करना शुरू कर दिया। जब कपिल और अन्य लोगों ने इसका विरोध किया, तो आरोपी ने उनके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर वहां से चला गया। अगले दिन सुबह आरोपी अपने चार-पांच साथियों के साथ दोबारा पैलेस पहुंचा। हमलावरों ने वहां मौजूद विपिन की गर्दन दबाकर उसे जान से मारने का प्रयास किया। जब कपिल बीच-बचाव करने आया, तो हमलावरों ने उस पर लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। रॉड के जोरदार प्रहार से कपिल का सिर फट गया और वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि स्थानीय पुलिस को सूचना देने के बावजूद आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद मंगलवार दोपहर करीब 1:00 बजे पीड़ित ने सीओ प्रतीक दहिया से मुलाकात की और उन्हें शिकायती पत्र सौंपकर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। पूरनपुर के सीओ प्रतीक दहिया ने मामले की गंभीरता को स्वीकार करते हुए बताया कि तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि दोषियों के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।


