अंबाला में दिनारपुर गांव के बस अड्डे के पास गन्ने के खेत में होली वाले दिन एक युवक का खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक के शरीर पर चाकूनुमा हथियार से कई वार किए गए थे। छाती और पेट पर गहरे घाव मिले हैं, जिससे उसकी आंतें तक बाहर निकल आई थीं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्राथमिक जांच में युवक की पहचान पश्चिम बंगाल के रहने वाले अर्जुन के रूप में हुई है। पुलिस हत्या के कारणों और आरोपियों की तलाश में जुटी है। ग्रामीण ने दी शव मिलने की सूचना
गांव के सरपंच प्रतिनिधि व कंफेक्शनरी दुकानदार राकेश कुमार ने बताया कि बुधवार दोपहर करीब 3 बजे उन्हें गांव के गुरजिंदर सिंह ने फोन कर सूचना दी कि बस अड्डे के पास गन्ने के खेत में एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे। वहां देखा कि एक युवक औंधे मुंह खून से लथपथ पड़ा था और उसके शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। दाहिनी बाजू पर अंग्रेजी में लिखा मिला अर्जुन
साहा थाना प्रभारी कर्मबीर सिंह ने बताया कि मृतक की दाहिनी बाजू पर अंग्रेजी में ‘अर्जुन’ लिखा हुआ है। इसी आधार पर पुलिस ने उसकी पहचान पश्चिम बंगाल के किशनगढ़ के अर्था गांव निवासी अर्जुन के रूप में की है। पुलिस अब मृतक के परिजनों का पता लगाने की कोशिश कर रही है ताकि उन्हें घटना की जानकारी दी जा सके। पुरानी रंजिश में हत्या की आशंका
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि युवक की हत्या चाकूनुमा हथियार से कई वार कर की गई है। शरीर पर मिले घावों से साफ है कि हमलावरों ने बेरहमी से वार किए। पुलिस को आशंका है कि किसी पुरानी रंजिश के चलते अज्ञात हमलावरों ने इस वारदात को अंजाम दिया हो सकता है। फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और मामले की गहन जांच जारी है।


