सहारनपुर की तहसील नकुड़ में सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान डीएम अरविंद कुमार चौहान ने लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया। समाधान दिवस के दौरान एक भूमि संबंधी शिकायत में गंभीर अनियमितता सामने आने पर डीएम ने तत्काल प्रभाव से लेखपाल संदीप कुमार को सस्पेंड कर दिया, जिससे प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया। संपूर्ण समाधान दिवस में विभिन्न विभागों राजस्व, पूर्ति, विद्युत, पुलिस, समाज कल्याण, नलकूप और विकास से जुड़ी कुल 47 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से 5 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। इसी दौरान एक शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि कुर्रेहनुसार पैमाइश होने के बावजूद उसे भूमि पर कब्जा नहीं दिलाया गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने तहसीलदार को जांच के निर्देश दिए। जांच में सामने आया कि संबंधित प्रार्थना पत्र लेखपाल स्तर पर लंबित पड़ा था, जिसके कारण समयसीमा में कार्रवाई नहीं हो सकी। इस लापरवाही पर डीएम ने सख्त कदम उठाते हुए लेखपाल संदीप कुमार (क्षेत्र फतेहपुर जट्ट, तहसील नकुड़) को सस्पेंड कर राजस्व निरीक्षक कार्यालय से संबद्ध कर दिया। साथ ही राजस्व निरीक्षक बाबूराम के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए। डीएम ने कहा कि जनशिकायतों का समय से निपटारा करना होगा। ये शासन की भी मंशा है। वहीं, समाधान दिवस में एसएसपी अभिनंदन, सीएमओ डॉ.प्रवीण कुमार, एसडीएम सुरेंद्र कुमार और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


