गुरुग्राम के सेक्टर-102 स्थित आरओएफ आलयस सोसाइटी के निवासियों ने शुक्रवार को अपनी RWA टीम के साथ ROF ग्रुप के हेड ऑफिस के बाहर प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन मेंटेनेंस सेवाओं में कमी, वित्तीय पारदर्शिता के अभाव और फ्लैट हैंडओवर जैसे मुद्दों को लेकर किया गया। प्रदर्शन के दौरान निवासियों ने हाथों में पोस्टर लिए हुए थे, जिन पर ‘ROF मैनेजमेंट शर्म करो’, ‘रेजिडेंट्स का हक वापस करो’ और ‘मेंटेनेंस का हिसाब दो’ जैसे नारे लिखे थे। उनका आरोप है कि वे लगातार उच्च मेंटेनेंस शुल्क दे रहे हैं, लेकिन उन्हें संतोषजनक सेवाएं नहीं मिल रही हैं और फंड के उपयोग का कोई स्पष्ट ब्योरा नहीं दिया जा रहा है। RWA के अनुसार, बिल्डर को कई बार ईमेल भेजे गए और बैठकें भी की गईं, लेकिन अभी तक मेंटेनेंस फंड का पारदर्शी हिसाब नहीं दिया गया है। इसके अतिरिक्त, प्रोजेक्ट के पूर्ण और वैध हैंडओवर की कोई निश्चित समय-सीमा भी नहीं बताई गई है, और कई संरचनात्मक तथा सुविधाओं से संबंधित कमियां अभी भी लंबित हैं। प्रदर्शनकारी बोले- सम्मान की लड़ाई प्रदर्शनकारियों ने बताया कि उनका यह विरोध पूरी तरह शांतिपूर्ण और कानूनी अधिकारों के तहत था। हालांकि, उन्होंने आरोप लगाया कि बिल्डर प्रबंधन ने उनकी भागीदारी सीमित करने की कोशिश की, प्रदर्शन को अवैध बताया और कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी। RWA अध्यक्ष दीपक मोंगिया ने कहा कि यह विरोध केवल एक प्रदर्शन नहीं, बल्कि अपने हक, पारदर्शिता और सम्मान की लड़ाई है। वहीं, सचिव रंजन पांडा ने स्पष्ट किया कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ, तो वे हरियाणा रियल एस्टेट रेगुलेटरी अथॉरिटी (HRERA) और उपभोक्ता फोरम सहित संबंधित प्राधिकरणों के समक्ष कानूनी कार्रवाई करेंगे।


