सहारनपुर के सदर बाजार थाना क्षेत्र के खेड़ा खुर्द गांव में बुधवार को एक 19 वर्षीय युवक का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आत्महत्या के कारणों की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान शाकिब के रूप में हुई है। उसके पिता साजिद ऑटो चालक हैं। बुधवार दोपहर करीब दो बजे शाकिब का 10 वर्षीय छोटा भाई छत पर बने कमरे की ओर गया। उसने खिड़की से अंदर देखा तो शाकिब फंदे पर लटका हुआ था। यह दृश्य देखकर छोटा भाई घबरा गया और जोर-जोर से शोर मचाने लगा। बच्चे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुए। लोगों ने तुरंत शाकिब को फंदे से नीचे उतारा और उपचार के लिए स्थानीय चिकित्सक के पास ले गए, लेकिन चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। शाकिब घरों में टोंटियां लगाने का काम करता था और अपने परिवार के साथ गांव में ही रहता था। उसकी मां और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। थाना प्रभारी चंदसेन सैनी ने बताया कि युवक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। फिलहाल आत्महत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की जानकारी जुटा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।


