पीलीभीत में लेंटर खोलते ही टूटी बीम, मलबे में दबे मजदूर, एक की मौत, तीन की हालत नाजुक

पीलीभीत में लेंटर खोलते ही टूटी बीम, मलबे में दबे मजदूर, एक की मौत, तीन की हालत नाजुक

पीलीभीत। बीसलपुर में मंगलवार सुबह एक नवनिर्मित मकान का लेंटर खोलते समय अचानक बीम टूट गई। देखते ही देखते दीवार और बीम का भारी मलबा मजदूरों पर आ गिरा। हादसे में एक बुजुर्ग मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़ पड़े और आनन-फानन में घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।

बीसलपुर के मोहल्ला दुर्गा प्रसाद स्थित आंबेडकर कॉलोनी में मंगलवार सुबह करीब 11 बजे मकान का लेंटर खोलने का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक बीम टूट गई और पूरा संतुलन बिगड़ गया। हादसा इतना तेज था कि मजदूर संभल भी नहीं सके और मलबे में दब गए। मौके पर भगदड़ जैसे हालात बन गए।

अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टर ने घोषित किया मृत

हादसे में पटेल नगर निवासी 65 वर्षीय रामचंद्र लाल गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सील किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद इलाके में काफी देर तक लोगों की भीड़ जुटी रही। इस हादसे में पटेल नगर निवासी बुद्ध सेन, मोहल्ला दुर्गा प्रसाद निवासी बृजपाल कश्यप और बौनी गांव निवासी वीरेंद्र कुमार भी घायल हो गए। सभी मजदूर लेंटर खोलने का काम कर रहे थे। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों की हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

सड़क पर बिखरा मलबा, थम गया ट्रैफिक

बीम और दीवार टूटने के बाद भारी मात्रा में मलबा सड़क पर जा गिरा। इससे रम्पुरा रोड पर कुछ देर के लिए यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से मलबा हटवाया। काफी मशक्कत के बाद यातायात दोबारा सामान्य कराया गया। पुलिस का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में बीम कमजोर होने की आशंका जताई जा रही है। निर्माण कार्य में लापरवाही के पहलुओं को भी खंगाला जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *