नर्मदापुरम में गैस सिलेंडर बुकिंग के नाम पर एक व्यापारी से 1.28 लाख रुपए की ठगी हुई है। मामला माखननगर का है। 60 वर्षीय बुजुर्ग व्यापारी ने शिकायत दर्ज कराने के लिए गूगल पर कस्टमर केयर का नंबर सर्च किया था। ठग ने उन्हें एक लिंक भेजकर मोबाइल हैक कर लिया और दो बैंक खातों से रकम निकाल ली। घटना 17 अप्रैल की है। पुलिस ने जांच के बाद 12वें दिन मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। गूगल पर सर्च किया नंबर, व्हाट्सएप पर आई एपीके लिंक पुलिस के मुताबिक, 17 अप्रैल की शाम 4 बजे व्यापारी एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग कर रहे थे। बुकिंग नहीं होने पर उन्होंने शिकायत के लिए गूगल पर नंबर सर्च कर कॉल किया। फोन उठाने वाला व्यक्ति साइबर ठग था। उसने व्यापारी को व्हाट्सएप पर वीडियो कॉल किया और बातचीत के दौरान एक एपीके (APK) फाइल की लिंक भेज दी। लिंक क्लिक करते ही मोबाइल हैक, बारकोड भेज मांगे 2 रुपए व्यापारी ने जैसे ही लिंक पर क्लिक किया, उनका मोबाइल हैक हो गया और फोन का सारा डाटा ठग के पास चला गया। इसके बाद ठग ने व्यापारी को एक बारकोड भेजा और कहा कि इसमें दो रुपए डाल दें, आपकी बुकिंग हो जाएगी। इस पूरी प्रक्रिया में करीब आधा घंटा लगा। इसी बीच हैकर ने व्यापारी के दो बैंक खातों से 99,999 और 28,999 रुपए (कुल 1,28,998 रुपए) निकाल लिए। गनीमत रही कि खातों में केवल इतने ही रुपए रखे थे, जिससे वे और बड़े नुकसान से बच गए। पुलिस की अपील- केवल अधिकृत वेबसाइट का उपयोग करें मामले की जांच कर रहे एसआई अशोक बरबड़े ने बताया कि गूगल से नंबर सर्च करने और एपीके फाइल डाउनलोड करने के कारण व्यापारी साइबर फ्रॉड का शिकार हुए हैं। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे किसी भी अनजान एपीके फाइल को डाउनलोड न करें। मदद या शिकायत के लिए हमेशा संबंधित कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट या अधिकृत पोर्टल पर दर्ज नंबर का ही उपयोग करें।


