सागर की मोतीनगर थाना पुलिस ने 50 हजार रुपए के एल्युमिनियम तार चोरी मामले का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मंगलवार को 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने भापेल स्थित बिजली ऑफिस के बाहर से तार के 2 बंडल चोरी किए थे, जिन्हें पुलिस ने बरामद कर लिया है। वर्तमान में पुलिस ने पूछताछ के बाद सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर दिया है। ऑटो में भरकर ले गए थे 1 क्विंटल तार मनोरमा कॉलोनी निवासी रविन्द्र कुमार जैन (56) ने 26 अप्रैल की रात मोतीनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने पुलिस को बताया कि भापेल स्थित बिजली कार्यालय के बाहर 33 केबी एल्युमिनियम तार के 2 बंडल रखे थे। इनका वजन करीब 1 क्विंटल और कीमत लगभग 50 हजार रुपए थी। अज्ञात बदमाश एक ऑटो में भरकर इन तारों को चोरी कर ले गए थे। मुखबिर की सूचना पर पकड़ाए 3 आरोपी शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश के लिए एक टीम गठित की और अपना मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। मंगलवार को मुखबिर से लोकेशन मिलने पर पुलिस ने दबिश देकर तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान अनजार मकरानी (40) निवासी सदर 12 मुहाल कैंट, अर्जुन चढ़ार (26) निवासी ग्राम मोठी बांदरी और प्रहलाद पाल (40) निवासी मोठी के रूप में हुई है। पूछताछ में कबूला जुर्म, तार बरामद मोतीनगर थाना प्रभारी जसवंत सिंह राजपूत ने बताया कि थाने लाकर पूछताछ करने पर तीनों आरोपियों ने चोरी की वारदात करना स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गया पूरा एल्युमिनियम तार बरामद कर लिया है। पूछताछ पूरी होने के बाद आरोपियों को न्यायालय में पेश कर दिया गया है।


