Mahakali idol vandalized: मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले के एक गांव में शुक्रवार दोपहर को अचानक माहौल तनावपूर्ण हो गया। यहां एक असामाजिक तत्व ने देवी प्रतिमा को पत्थर से मारकर खंडित कर फरार हो गया। इसकी जानकारी लगते ही ग्रामीणों आक्रोश फैल गया और आरोपी की तलाश शुरू की। कुछ देर बाद ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़ा और एक बिजली के पोल से बांध दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में लिया और आरोपी को थाने ले जाकर मामला दर्ज किया। (mp news)
ये है पूरा मामला
दरअसल, अशोकनगर के बहादुरपुर तहसील के घाट बमुरिया गांव से धार्मिक आस्था को ठेस पहुंचाने वाली घटना सामने आई है। ग्राम स्थित महामाई मंदिर परिसर में स्थापित माता महाकाली की प्रतिमा को एक युवक ने पत्थर से मारकर खंडित कर मौके से फरार हो गया। मिली जानकारी के अनुसार यहां माता का मंदिर निर्माणधीन जिसके चलते प्रतिमाओं को एक अस्थायी जगह पर रखा गया था। प्रतिमा खंडित होने की वारदात की पता सबसे पहले पास ही मंदिर के निर्माण को लेकर जेसीबी से गड्ढा खोद रहे ऑपरेटर को चला। ऑपरेटर ने इसकी जानकारी ग्रामीणों को दी जिसके बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त हो गया।

ग्रामीणों में आक्रोश, सख्त कार्रवाई की रखी मांग
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मंदिर परिसर में एकत्रित हो गए। कुछ ग्रामीण आरोपी युवक की तलाश में जुट गए। थोड़ी देर बाद ग्रामीणों ने युवक को गांव से बाहर भागते हुए नेशनल हाईवे पर से दबोच लिया और गांव वापस लाकर बिजली के पोल से बांध दिया। ग्रामीणों ने दोषी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की। प्राप्त जानकारी के अनुसार,आरोपी युवक का नाम भीमराज अहिरवार पिता मानसिंह अहिरवार है।

मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। बहादुरपुर थाना प्रभारी नीलम यादव ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 298, 302 एवं 351(3) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए पुलिस प्रशासन द्वारा लोगों से शांति एवं संयम बनाए रखने की अपील की गई है।
आस्था का केंद्र है ये मंदिर
ग्रामीणों का कहना है कि महामाई मंदिर गांव की आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां प्रतिदिन श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। ऐसे पवित्र स्थल पर देवी प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने की घटना से लोगों की धार्मिक भावनाएं गहराई से आहत हुई हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से धार्मिक स्थलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है। (mp news)


