मंदसौर. सीतामऊ पुलिस ने हनी ट्रैप का मामला दर्ज किया है। इस मामले में एक 32 वर्षीय महिला ने पहले एक युवक को प्यार के झांसे में फंसाया। ब्लैकमेल कर जब रुपए देते-देते व्यक्ति थक गया तो आरोपी महिला ने बलात्कार का मामला दर्ज करवा दिया। पूरा मामला सामने तब आया जब पीडि़त युवक की पत्नी ने जाकर पुलिस को पूरा मामला बताया। महिला ने युवक को प्यार में फंसा कर एक साल में 21 लाख रुपए ऐंठ लिए। इतना ही नहीं महिला ने युवक पर बलात्कार प्रकरण भी दर्ज करा दिया था।
इस मामले में संबंधित की पत्नी ने महिला द्वारा ब्लैकमेलिंग को लेकर जब सीतामऊ थाने में शिकायत की तो सामने आया कि आरोपी महिला ने एक साल में ब्लैकमेल कर 21 लाख रुपए संबंधित व्यक्ति से लिए है। उसके बाद सीतामऊ पुलिस ने आरेापी महिला के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण पंजीबद्ध किया है। पुलिस आरोपी महिला की तलाश कर रही है।
प्यार के झांसे में फंसाया
सीतामऊ थाना प्रभारी कमलेश प्रजापति ने बताया कि पूजा उर्फ सिया चौहान उम्र 32 निवासी सीतामऊ ने एक व्यक्ति को प्यार के झांसे में फंसाया। उसके बाद उस व्यक्ति को ब्लैकमेल किया। एक साल में 21 लाख रुपए आरोपी महिला पूजा ने व्यक्ति से ब्लैकमेल कर लिए। इन सब के पुख्ता सबूत भी शिकायत के साथ दिए गए। इससे पहले आरोपी महिला ने संबंधित व्यक्ति के खिलाफ 24 अप्रेल को बलात्कार का मामला दर्ज करवा दिया था। इसमें आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था। जहां से उसे जेल भेज दिया था। आरोपी महिला पूजा की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।


