जौनपुर में छात्राओं ने नारी शक्ति वंदन पदयात्रा निकाली:विश्वविद्यालय परिसर में गूंजे नारी सशक्तिकरण के नारे

जौनपुर में छात्राओं ने नारी शक्ति वंदन पदयात्रा निकाली:विश्वविद्यालय परिसर में गूंजे नारी सशक्तिकरण के नारे

जौनपुर के वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में महिला छात्रावासों की छात्राओं ने “नारी शक्ति वंदन” अभियान के तहत एक पदयात्रा का आयोजन किया। इस पदयात्रा का मुख्य उद्देश्य महिलाओं में आत्मविश्वास, जागरूकता और सामाजिक सहभागिता की भावना को सशक्त बनाना था। इसका नेतृत्व एडिशनल चीफ वार्डन डॉ. अन्नू त्यागी ने किया। इस पदयात्रा में विश्वविद्यालय के सभी महिला छात्रावासों की छात्राएं बड़ी संख्या में शामिल हुईं। छात्राओं ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ नारी सशक्तिकरण से जुड़े नारे लगाए, जिससे पूरा विश्वविद्यालय परिसर गूंज उठा। “नारी शक्ति, राष्ट्र शक्ति” जैसे प्रेरणादायक नारों के माध्यम से समाज को सकारात्मक संदेश दिया गया। इस अवसर पर एडिशनल चीफ वार्डन डॉ. अन्नू त्यागी ने छात्राओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और क्षमता का प्रदर्शन कर रही हैं। उन्होंने यह भी बताया कि ऐसे आयोजन न केवल महिलाओं के आत्मबल को बढ़ाते हैं, बल्कि समाज में उनके प्रति सम्मान और समानता की भावना को भी मजबूत करते हैं। डॉ. त्यागी ने छात्राओं से शिक्षा के साथ-साथ अपनी सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति भी सजग रहने का आह्वान किया। उन्होंने एक सशक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने पर जोर दिया। कार्यक्रम में वार्डन डॉ. निमिषा यादव, डॉ. कृष्णा सिंह और अन्य शिक्षिकाएं भी उपस्थित थीं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *