Jaipur Road Accident: जयपुर: एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के आदिनाथ नगर में गुरुवार शाम एक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। घर के बाहर खेल रही 13 महीने की मासूम दीया उर्फ किट्टू कार की चपेट में आ गई। गंभीर रूप से घायल बच्ची को परिजन तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। वहीं, स्थानीय लोगों में भी भारी आक्रोश है।
बता दें कि गुरुवार देर रात तक परिजन और कॉलोनी के लोग पड़ोसी आरोपी महिला चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर जवाहर सर्कल स्थित निजी अस्पताल परिसर में धरने पर बैठ गए। हादसा गुरुवार शाम करीब 6:30 बजे हुआ।

आदिनाथ नगर निवासी महिला लेक्चरर काजल कॉलेज से कार लेकर घर पहुंची थी। उसी समय गली में मौजूद दीया वाहन की चपेट में आ गई। टक्कर लगने से बच्ची के सिर में गंभीर चोट आई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन
हादसे के बाद परिजन और स्थानीय लोग अस्पताल परिसर में धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों ने आरोपी महिला चालक को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग की। देर रात तक लोग मौके पर डटे रहे और पुलिस प्रशासन से गिरफ्तारी की मांग करते रहे।
पुलिस प्रशासन ने एयरपोर्ट थाना पुलिस के अलावा शहर के आठ से अधिक थानों का जाप्ता मौके पर लगाया गया। अधिकारियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन परिजन कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।

कॉलोनी की रौनक गायब
मासूम दीया की मौत के बाद आदिनाथ नगर इलाके में गहरा शोक पसरा हुआ है, जिस घर में कुछ समय पहले तक बच्ची की रौनक थी, वहां अब मातम का माहौल है। रिश्तेदारों और आसपास के लोगों का परिवार के घर पहुंचना लगातार जारी रहा। देर रात तक इलाके में पुलिस बल तैनात रहा।
परिजन ने अगला टायर चढ़ाना बताया, पुलिस ने पिछला
दीया के पिता दिनेश प्रताप नगर क्षेत्र में डेयरी बूथ संचालित करते हैं और परिवार के साथ आदिनाथ नगर में रहते हैं। हादसे के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। बच्ची के दादा रामकरण गुर्जर ने बताया कि शाम को वह घर के बाहर चबूतरे पर दीया के साथ खेल रहे थे। बच्ची को चबूतरे पर बिठा दिया। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाली निजी कॉलेज की लेक्चरर काजल कार लेकर वहां पहुंची और बच्ची वाहन की चपेट में आ गई।

परिजन का आरोप है कि कार का अगला टायर बच्ची के सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उसकी हालत बेहद गंभीर हो गई। हादसे के बाद आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और बच्ची को उठाकर अस्पताल पहुंचाया। उधर, पुलिस का कहना है कि कार को बैक लेते समय पिछले टायर की चपेट में आने से बच्ची की मौत हुई। पुलिस क्षेत्र में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।


