अम्बेडकरनगर के जैतपुर थाना क्षेत्र के आशापार गांव में रविवार सुबह एक व्यक्ति का खून से लथपथ शव मिला। घर के बाहर सो रहे 55 वर्षीय संतोष तिवारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की गर्दन पर चोट के निशान पाए गए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, आशापार गांव निवासी संतोष तिवारी शनिवार को एक बारात में गए थे। देर रात बारात से लौटने के बाद वह अपने घर से लगभग 50 मीटर दूर स्थित दूसरे मकान के बाहर खाट पर सो गए थे। उनकी पत्नी कमला देवी भी बगल की खाट पर सो रही थीं। रात करीब एक बजे कमला देवी की नींद खुली तो उन्होंने संतोष तिवारी को खून से लथपथ बिस्तर पर पड़ा देखा। यह देखकर उन्होंने चीख-पुकार शुरू कर दी, जिससे आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। ग्रामीणों ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही जैतपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस घटना के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है। मृतक अपने पीछे पत्नी और दो बेटों का परिवार छोड़ गए हैं। थानाध्यक्ष धीरेन्द्र आजाद ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा।


