बरेली में पकड़ा गया अवैध ई रिक्शा चार्जिंग स्टेशन , 38 ई-रिक्शे सीधे पोल से चार्ज होते पकड़े, 152 पर FIR, 293 के कनेक्शन काटे

बरेली में पकड़ा गया अवैध ई रिक्शा चार्जिंग स्टेशन , 38 ई-रिक्शे सीधे पोल से चार्ज होते पकड़े, 152 पर FIR, 293 के कनेक्शन काटे

बरेली शहर में बिजली चोरी और लाइन लॉस से जूझ रहे बिजली विभाग ने शुक्रवार तड़के बड़ा एक्शन लेते हुए हाई लाइन लॉस और हॉटस्पॉट इलाकों में वृहद मॉर्निंग रेड और कांबिंग अभियान चलाया। सुबह-सुबह हुई इस कार्रवाई से बिजली चोरों में हड़कंप मच गया। कहीं मीटर बायपास मिले तो कहीं सीधे पोल से केबल डालकर ई-रिक्शे चार्ज होते पकड़े गए। विभाग ने मौके पर ही केबल काटकर उतार ली और कई लोगों के खिलाफ मुकदमे दर्ज करा दिए।

984 कनेक्शन चेक, 152 पर मुकदमा

मुख्य अभियंता वितरण बरेली क्षेत्र-प्रथम के निर्देश पर विद्युत वितरण मंडल और नगरीय वितरण मंडल की टीमों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। अभियान के दौरान कुल 984 बिजली कनेक्शन चेक किए गए। जांच में 106 मामलों में धारा 138-बी और 46 मामलों में धारा 135 के तहत बिजली चोरी पकड़ी गई। कुल 152 उपभोक्ताओं के खिलाफ एंटी पावर थेफ्ट थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई।

293 बकायेदारों के कनेक्शन काटे

बिजली विभाग ने बड़े बकायेदारों पर भी सख्ती दिखाई। अभियान के दौरान 293 बकायेदार उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काट दिए गए। इसके साथ ही 43 उपभोक्ताओं का भार बढ़ाया गया और करीब 9.79 लाख रुपये की राजस्व वसूली भी की गई।

राजा चौक में पकड़े गए अवैध ई-रिक्शा चार्जिंग सेंटर

नगरीय वितरण मंडल की टीम ने गुप्त सूचना पर प्रेमनगर थाना क्षेत्र के सुरखा वानखाना राजा चौक इलाके में ताबड़तोड़ छापा मारा। यहां दो अवैध ई-रिक्शा चार्जिंग सेंटर चलते मिले। जांच में सामने आया कि एक परिसर में 21 ई-रिक्शे और दूसरे परिसर में 17 ई-रिक्शे सीधे बिजली पोल से केबल डालकर चार्ज किए जा रहे थे। टीम ने मौके पर ही अवैध केबल काटकर हटाई और संबंधित लोगों के खिलाफ एंटी पावर थेफ्ट थाने में अभियोजन दर्ज कराया।

मीटर बायपास कर हो रही थी चोरी

इसी क्षेत्र में चार घरेलू बिजली कनेक्शनों पर मीटर बायपास कर चोरी करते हुए भी लोग पकड़े गए। विभाग ने तत्काल केबल काटकर बिजली सप्लाई बंद कर दी और मुकदमा दर्ज कराने की कार्रवाई शुरू कर दी।

ट्रिपिंग और ओवरलोडिंग से परेशान था इलाका

बिजली अधिकारियों के मुताबिक इस इलाके में लंबे समय से ओवरलोडिंग और ट्रिपिंग की समस्या बनी हुई थी। अवैध ई-रिक्शा चार्जिंग और बिजली चोरी की वजह से लाइन पर अनावश्यक भार बढ़ रहा था, जिससे नियमित उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति देना मुश्किल हो रहा था। विभाग का दावा है कि इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में बिजली व्यवस्था में सुधार आएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *