‘मैं बहुत दूर जा रहा हूं, बिजनौर का विशाल बना हमजा, इंस्टाग्राम से खुला राज, 19 घंटे की पूछताछ के बाद पुलिस ने परिजन को सौंपा

‘मैं बहुत दूर जा रहा हूं, बिजनौर का विशाल बना हमजा, इंस्टाग्राम से खुला राज, 19 घंटे की पूछताछ के बाद पुलिस ने परिजन को सौंपा

उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जहां 16 वर्षीय किशोर के जम्मू-कश्मीर में धर्म परिवर्तन कराने का आरोप लगा है। परिवार को इसकी जानकारी इंस्टाग्राम पर वायरल वीडियो से मिली। वीडियो में किशोर मस्जिद में कलमा पढ़ता। और नया नाम अपनाते दिखाई दिया। शिकायत के बाद बिजनौर पुलिस हरकत में आई। चार दिन की कार्रवाई के बाद किशोर को कश्मीर से वापस लेकर आई।

बिजनौर जिले के खानजहांपुर बहादर गांव का रहने वाला एक किशोर इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है। परिवार का आरोप है कि गांव के ही एक युवक ने उसे बहला-फुसलाकर जम्मू-कश्मीर ले जाकर धर्म परिवर्तन कराया। मामला तब उजागर हुआ। जब सोशल मीडिया पर किशोर के धर्म परिवर्तन से जुड़े वीडियो वायरल होने लगे।
किशोर के पिता कृष्ण कुमार के मुताबिक उनका बेटा करीब तीन साल पहले गांव के परिचित युवक वसीम के संपर्क में आया था। हेयर कटिंग का काम सीखने के बहाने उसे कश्मीर भेजा गया। वहां उसने पहले सैलून में काम सीखा बाद में कुपवाड़ा इलाके में साझेदारी में अपना काम शुरू कर दिया। शुरुआत में वह घर पैसे भेजता था। परिवार से लगातार संपर्क में रहता था। लेकिन पिछले कुछ महीनों से उसका व्यवहार अचानक बदलने लगा।

कश्मीर पहुंचने पर शादी से किया इनकार

परिजनों के अनुसार, 5 मई को किशोर गांव लौटा था। परिवार ने उसकी शादी की बात चलाई। वह लड़की देखने भी गया। सब कुछ सामान्य लग रहा था। लेकिन दो दिन बाद ही वह दोबारा कश्मीर लौट गया। इसके बाद उसने फोन कर शादी से साफ इनकार कर दिया। परिवार को तब भी किसी बड़े बदलाव का अंदेशा नहीं था।

इंस्टाग्राम वीडियो में मौलवी के सामने कलमा पढ़ता दिखा, विशाल

कुछ दिन बाद रिश्तेदारों के मोबाइल पर इंस्टाग्राम वीडियो पहुंचे। इन वीडियो में किशोर को कश्मीर के गांदरबल जिले की एक मस्जिद में मौलवी के सामने कलमा पढ़ते देखा गया। वीडियो में उसका नया नाम “हमजा” बताया जा रहा था। दूसरे वीडियो में वह फूल-मालाओं के साथ मस्जिद से बाहर निकलता दिखाई दिया।

वीडियो देखने के बाद परिवार ने बेटे से संपर्क किया तो, मिला ये जवाब

वीडियो देखने के बाद परिवार ने बेटे से संपर्क किया। पिता का दावा है कि बेटे ने फोन पर कहा कि उसने अपनी मर्जी से इस्लाम धर्म अपनाया है। अब वह घर से दूर रहना चाहता है। इसके बाद परिवार ने बिजनौर पुलिस और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से मदद मांगी।

आरोपी और युवक को जम्मू कश्मीर से बिजनौर पुलिस लाई

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम जम्मू-कश्मीर रवाना हुई। चार दिन की कार्रवाई के बाद किशोर और उसे वहां ले जाने वाले युवक को वापस बिजनौर लाया गया। करीब 19 घंटे तक पूछताछ के बाद किशोर को परिवार के सुपुर्द कर दिया गया।

पुलिस पूरे घटनाक्रम की गहनता से कर रही जांच

एसपी अभिषेक झा का कहना है कि पुलिस यह जांच कर रही है कि धर्म परिवर्तन स्वेच्छा से हुआ या किसी दबाव, लालच या बहकावे में। वहीं भाजपा नेता मौसम चौधरी ने दावा किया कि पूरे मामले के पीछे किसी बड़े नेटवर्क की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की गहराई से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *