भास्कर न्यूज | रीझोन क्षेत्र के झीतापुरा गांव में 10 दिन पहले पत्नी को कुएं में धक्का देकर मारने का प्रयास करने वाले आरोपी पति को बुधवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पत्नी मकान की रजिस्ट्री नहीं करवा रही थी, इसलिए आरोपी ने उसे मौत के घाट उतारने की साजिश रची थी। एसपी अमित कुमार ने बताया कि झीतापुरा निवासी कंचन बाई ने एसआरजी अस्पताल में पर्चा बयान में रोंगटे खड़े करने वाली आपबीती सुनाई। वारदात 26 अप्रैल की रात करीब 10 बजे की है। आरोपी रायसिंह पत्नी को बाइक पर बैठाकर खेत पर ले गया। वहां कुएं की पाल पर बैठकर बात करते समय आरोपी ने पत्नी से कहा कि देखो कुएं में पानी कितना है। जैसे ही कंचन बाई कुएं में झांकने लगी, आरोपी ने उसे जान से मारने की नीयत से 60 फीट गहरे कुएं में धक्का दे दिया। गनीमत रही कि कुएं में पानी कम होने से उसे केवल मामूली चोट आई और वह एक पत्थर को पकड़कर खड़ी रही। एक घंटे बाद उसके भाई और ग्रामीणों ने उसे बाहर निकाला था, लेकिन वह बेहोश हो गई। उसका पति रायसिंह पूर्व में भी उसे शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था। इस पर उसके खिलाफ रटलाई थाने में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी पति को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया है। 25 साल का साथ, फिर भी मकान के लालच ने रिश्तों पर फेर दिया पानी इस वारदात ने रिश्तों की पवित्रता पर गहरे सवाल खड़े कर दिए हैं। कंचन बाई और रायसिंह का साथ 25 साल पुराना है। दंपती की 14 साल की बेटी है, जिसके भविष्य की चिंता करने करने के बजाय पिता ने उसकी मां को ही मौत के घाट उतारने की साजिश रच डाली। पत्नी के नाम पर खरीदा था मकान लेकिन बिना उसे बताए बेच दिया था आरोपी रायसिंह ने पूर्व में झीतापुरा में एक मकान खरीदा था और उसकी रजिस्ट्री पत्नी कंचनबाई के नाम से करवाई थी। कुछ समय पहले रायसिंह ने पत्नी को बिना बताए वह मकान किसी और को बेच दिया। इसकी जानकारी जब कंचन बाई को हुई तो वह नाराज हो गई। उसने मकान की रजिस्ट्री जिसको मकान बेचा उसके नाम कराने से मना कर दिया था। इसी बात से नाराज होकर रायसिंह ने उसकी हत्या की साजिश रची।


