Lucknow Agra expressway road accident: मैनपुरी से होकर गुजरने वाली लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा हो गया। जब रोडवेज बस और ट्रक में टक्कर हो गई, जिससे मौके पर कोहराम मच गया। हादसे की जानकारी स्थानीय पुलिस को दी गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने राहत और बचाव कार्य चलाया। घायलों को पीजीआई में भर्ती कराया गया, जहां एक को मृत्यु घोषित कर दिया गया। घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर एसपी ग्रामीण अभिषेक तिवारी भी पहुंच गए, जिन्होंने राहत और बचाव कार्य को देखा। घटना करहल थाना क्षेत्र की है।
रोडवेज बस और ट्रक में टक्कर
उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में दर्दनाक हादसा हो गया। सोनौली डिपो की राज्य सड़क परिवहन निगम की बस महाराजगंज से दिल्ली जा रही थी। बस में कुल 38 सवारियां बैठी थीं। अभी रोडवेज बस लखनऊ एक्सप्रेसवे पर करहल थाना क्षेत्र के माइलस्टोन 86.700 किलोमीटर पर पहुंची थी कि हादसा हो गया। ओवरटेक करते समय रोडवेज बस ट्रक से टकरा गई। टक्कर के बाद बस के आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बस में बैठी सवारियों में चीख-पुकार मच गई।
यूपीडा और करहल थाना पुलिस मौके पर पहुंची
घटना की जानकारी करहल थाना पुलिस को दी गई। दुर्घटना की खबर मिलते ही मौके पर करहल थाना पुलिस के साथ यूपीडा की टीम भी पहुंच गई, जिन्होंने घायल सवारियों को बाहर निकाला और एंबुलेंस की मदद से सैफई स्थित पीजीआई में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने सुनील शर्मा (45), निवासी झकही चक बेलदुहा, थाना मौलनापुर संत कबीर नगर को मृत घोषित कर दिया।
घायलों का उपचार पीजीआई में
20 सवारियों का उपचार पीजीआई सैफई में चल रहा है। इधर करहल थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अभिषेक तिवारी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। करहल थाना पुलिस ने बताया कि कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


