होली की मस्ती पड़ी भारी: निजी यूनिवर्सिटी में क्रेननुमा ढांचा गिरा, 20 छात्र घायल

होली की मस्ती पड़ी भारी: निजी यूनिवर्सिटी में क्रेननुमा ढांचा गिरा, 20 छात्र घायल

Jaipur News: जयपुर स्थित मणिपाल यूनिवर्सिटी में मंगलवार को आयोजित होली कार्यक्रम के दौरान बड़ा हादसा हो गया। दोपहर करीब एक बजे कैंपस में छात्र-छात्राएं डीजे की धुन पर रेन डांस कर रहे थे। इसी दौरान वहां लगाया गया लोहे का स्क्वायर और क्रेननुमा ढांचा अचानक गिर पड़ा।

20 छात्र घायल, 17 अस्पताल में भर्ती

हादसे में करीब 20 छात्र घायल हो गए। इनमें से 17 छात्रों को इलाज के लिए हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। जबकि तीन छात्रों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। घायलों को हल्की और मध्यम चोटें आई हैं। बताया गया कि ढांचा गिरने कैम्पस अफरा-तफरी मच गई थी।

छात्रों के लटकने से गिरा ढांचा

बगरु थाना प्रभारी राजेंद्र गोदारा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कुछ छात्र क्रेननुमा ढांचे पर लटक गए थे, जिससे उसका संतुलन बिगड़ गया और पूरा स्ट्रक्चर गिर गया। इसी कारण यह हादसा हुआ। हादसे के बाद सभी घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया।

जांच के बाद होगी कार्रवाई

पुलिस ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद जिम्मेदार लोगों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी। बगरु थाना पुलिस इसकी जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *