जालौन के कुठौंद थाना क्षेत्र में सोमवार रात जालौन-औरैया हाईवे पर एक चलती चार पहिया वाहन में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया और वाहन धू-धू कर जलने लगा। घटना शेखपुर बुजुर्ग स्थित एक पेट्रोल पंप के पास हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वाहन जालौन की ओर जा रहा था। इसी दौरान उसमें से अचानक धुआं निकलने लगा। कुछ ही क्षणों में आग तेजी से फैल गई और पूरी गाड़ी आग के गोले में तब्दील हो गई। आग की ऊंची लपटें दूर तक दिखाई देने लगीं, जिससे हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। हालांकि, वाहन के पास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं मिला। आशंका जताई जा रही है कि वाहन सवार समय रहते बाहर निकल गए होंगे। फिलहाल वाहन मालिक और उसमें सवार लोगों की पहचान नहीं हो सकी है। आग लगने की वजह से हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। सड़क पर जलती गाड़ी देखकर कई वाहन चालकों ने अपने वाहन रोक दिए। सूचना पर कुठौंद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर घटना की जानकारी जुटाई तथा यातायात को सामान्य कराने का प्रयास किया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि आग पेट्रोल पंप के और करीब पहुंच जाती, तो बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।


