दमोह. माध्यमिक शिक्षा मंडल ने हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी बोर्ड परीक्षा का रिजल्ट बुधवार को घोषित कर दिया है। बीते साल ही तुलना में हाई स्कूल का रिजल्ट 6 प्रतिशत तो हायर सेकेंडरी के रिजल्ट में 12 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी हुई है, इसके बाद भी प्रदेश की जिला मैरिट में दमोह अब भी नीचे आया है।
हाईस्कूल में प्रदेश में 49वां तो हायर सेकेंडरी में 50 स्थान मिला है। खराब रिजल्ट आने के बाद शिक्षा विभाग ने समीक्षा शुरू कर दी है। साथ ही स्कूल और संकुल वाइज रिजल्ट की समीक्षा शुरू कर दी है। खराब रिजल्ट के बीच भी प्रदेश की मैरिट लिस्ट में हायर सेकेंडरी में 5 छात्राओं तो हाईस्कूल में 8 बच्चों ने स्थान बनाया है। विदित हो कि बीते साल जिले में हाईस्कूल में रिजल्ट 53.38 और हायर सेकेंडरी का रिजल्ट 48.5 रहा था।
हायर सेेकेंडरी में 60.96 प्रतिशत रहा रिजल्ट
जिले में इस बार हायर सेकेंडरी का रिजल्ट 60.96 प्रतिशत रहा है, जो कि पिछले बार की तुलना में 12 प्रतिशत तक अधिक है। बीते साल 48.5 प्रतिशत रिजल्ट रहा था। विभाग के अनुसार इस बार के रिजल्ट में से 17.27 प्रतिशत बच्चे प्राइवेट परीक्षा से पास हुए हैं।
हाईस्कूल का 59.52 प्रतिशत रहा रिजल्ट
जिले में इस बार हाईस्कूल का रिजल्ट 59.52 प्रतिशत रहा है, जो कि पिछले बार की तुलना में 6 प्रतिशत अधिक है। बीते साल 53.38 प्रतिशत रिजल्ट रहा था। विभाग के अनुसार इस रिजल्ट में 10.52 प्रतिशत बच्चे प्राइवेट परीक्षा से पास हुए है।
निजी स्कूलों से बेहतर रहा रिजल्ट
जिले के रिजल्ट भले ही प्रदेश में खराब रहे हों, लेकिन वह निजी स्कूलों की तुलना में काफी अच्छे रहे हैं। हायर सेकेंडरी में जहां सरकारी स्कूल का रिजल्ट 62.46 रहा, वहीं निजी स्कूल में 50.90 प्रतिशत बच्चे ही पास हो गाए। इसी तरह हाईस्कूल में सरकारी स्कूलों का रिजल्ट 60.16 रहा, वहीं निजी स्कूल के 56.64 प्रतिशत बच्चे ही पास कर पाए हैं।
छात्राएं इस बार भी रही अव्वल
हर बार ही तरह इस बार भी हाई और हायर सेकेंडरी परीक्षा में छात्राओं ने ही बाजी मारी है। हायर सेकेंडरी परीक्षा में 10 प्रतिशत अधिक छात्राएं पास हुई हैं। कुल 2891 छात्र पास हुए, जिनका पासिंग प्रतिशत 55.71 रहा। जबकि कुल 4111 छात्राएं पास हुईं, जिनका पासिंग प्रतिशत 65.27 रहा। इसी तरह हाईस्कूल में भी 9 प्रतिशत अधिक रिजल्ट छात्राओं का रहा। कुल 3856 छात्र पास हुए, जिनका पासिंग प्रतिशत 54.91 रहा, जबकि कुल 5231 छात्राएं पास हुईं, जिनका पासिंग प्रतिशत 63.45 रहा।
आंकड़ों में समझें हाईस्कूल का रिजल्ट
15310 बच्चे परीक्षा के लिए रजिस्टर
45 बच्चे रहे अनुपस्थित
15265 बच्चों ने दी परीक्षा
6613 बच्चों प्रथम श्रेणी
2465 बच्चे द्वितीय श्रेणी
6 बच्चे तृतीय श्रेणी
9087 बच्चे हुए पास
6178 बच्चे हुए फेल
आंकड़ों में समझें हायर सेकेंडरी का रिजल्ट
11502 बच्चे परीक्षा के लिए रजिस्टर
15 बच्चे रहे अनुपस्थित
11487 बच्चों ने दी परीक्षा
5367 बच्चों प्रथम श्रेणी
1633 बच्चे द्वितीय श्रेणी
2 बच्चे तृतीय श्रेणी
7002 बच्चे हुए पास
4485 बच्चे हुए फेल


