इज़रायल (Israel) और हिज़बुल्लाह (Hezbollah) के बीच लेबनान (Lebanon) में सीज़फायर चल रहा है, लेकिन दोनों पक्षों में तनाव काफी बढ़ गया है। सीज़फायर के दौरान भी इज़रायल इसका उल्लंघन करने से पीछे नहीं हट रहा है। साउथ लेबनान में इज़रायली सेना के हमले बंद नहीं हो रहे हैं। इज़रायल पर सीज़फायर के लगातार उल्लंघन का आरोप लगाते हुए हिज़बुल्लाह ने साफ कर दिया है कि उसे एकतरफा सीज़फायर स्वीकार नहीं है। इसके साथ ही हिज़बुल्लाह ने इज़रायली हमलों का जवाब देने की भी धमकी दी है। इसी बीच अब हिज़बुल्लाह चीफ ने एक बड़ी चेतावनी दी है।
हथियार नहीं छोड़ेगा हिज़बुल्लाह
हिज़बुल्लाह चीफ नईम कासिम (Naim Qassem) ने चेतावनी दी है कि उनका ग्रुप हथियार नहीं छोड़ेगा। कासिम ने कहा, “हिज़बुल्लाह के बलिदान बहुत बड़े हैं, लेकिन ये आज़ादी और जान की कीमत हैं, जो हमारे महान लोगों ने अपने सम्मानजनक विरोध के साथ चुकाई है। उनके सामने दो ही विकल्प थे: आज़ादी और गौरव या कब्ज़ा और अपमान। हम उनके बलिदान व्यर्थ नहीं जाने देंगे और अपने हथियार सरेंडर नहीं करेंगे।”
आज़ादी के लिए लड़ाई रहेगी जारी
कासिम ने आगे कहा, “हम लेबनान और उसके लोगों की आज़ादी के लिए अपनी लड़ाई जारी रखेंगे। हम मार्च से पहले की स्थिति में नहीं लौटेंगे। हम इज़रायली आक्रामकता का जवाब देंगे और उसका सामना करेंगे। दुश्मन चाहे जो भी धमकी दे, हम पीछे नहीं हटेंगे, हम झुकेंगे नहीं, हम पराजित नहीं होंगे।”
असीमित है क्षमता
कासिम ने आगे कहा, “हिज़बुल्लाह की क्षमता असीमित है। हम कसम खाते हैं कि इज़रायल लेबनान में नहीं रुकेगा और हमारे लोग अपनी ज़मीन पर तब तक लौटते रहेंगे जब तक कि कब्ज़े वाले फ़िलिस्तीन (Palestine) के साथ हमारी दक्षिणी सीमा का आखिरी इंच भी न मिल जाए।”


