अंधड़-बरसात ने तोड़ी नौतपा की तपिश, ओलों संग बरसे बादल

अंधड़-बरसात ने तोड़ी नौतपा की तपिश, ओलों संग बरसे बादल

– जयपुर ग्रामीण में मौसम सुहाना, जलभराव व बिजली गुल- भीषण गर्मी से मिली राहत

बस्सी. जयपुर ग्रामीण के बस्सी, चाकसू और जमवारामगढ़ उपखण्ड क्षेत्रों में सहित समूचे जयपुर ग्रामीण में शुक्रवार को मौसम ने करवट लेते हुए नौतपा की भीषण गर्मी को भिगो दिया। अंधड़ के साथ आई तेज बारिश और कई स्थानों पर हुई ओलावृष्टि ने लोगों को झुलसा देने वाली गर्मी से बड़ी राहत दिलाई। दिनभर की तपिश के बाद शाम को बदले मौसम ने पूरे इलाके का मिजाज सुहाना बना दिया।

नौतपा के पांचवें दिन शुक्रवार को सुबह के समय हल्की राहत जरूर महसूस हुई, लेकिन दोपहर होते-होते सूरज की तपिश फिर तेज हो गई और उमस भरी गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया। बाजारों में सन्नाटा छाया रहा और लोग घरों में दुबके रहे। हालांकि शाम को अचानक मौसम बदला और तेज अंधड़ के साथ बारिश शुरू हो गई। देखते ही देखते गर्म हवाएं ठंडी बयार में बदल गईं और वातावरण में ठंडक घुल गई। बस्सी शहर के रेलवे स्टेशन रोड पर एक – एक फीट पानी भरने से लोगों को रेलवे स्टेशन मार्ग बाधित हो गया। (कासं )

जलभराव, आंधी और ओलावृष्टि से बढ़ी परेशानी::::

बस्सी मुख्यालय पर हुई तेज बारिश व ओलों के कारण शहर के कल्याण गंज क्षेत्र में करीब दस-दस इंच तक पानी भर गया। निचले इलाकों में जलभराव से लोगों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई दुकानों और घरों में पानी घुसने से नुकसान की स्थिति बनी। वहीं सड़कों पर पानी भरने से यातायात भी प्रभावित रहा।

अंधड़ के चलते शहर और आसपास के गांवों में कई जगह मकानों के टिन-टप्पर उड़ गए। धूलभरी आंधी ने कुछ समय के लिए जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। लोगों को आंखों में धूल और तेज हवा के थपेड़ों से परेशानी झेलनी पड़ी। हालांकि इसके तुरंत बाद हुई बारिश ने राहत पहुंचाई और मौसम ठंडा हो गया।

दूधली इलाके में बेर आकार के ओलों की चादर बिछ गई।

तूंगा क्षेत्र में अंधड़ के साथ चने के आकार के ओले गिरने की सूचना है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। खुले में खड़ी फसलों को नुकसान की आशंका जताई जा रही है। वहीं कानोता इलाके में बारिश का पानी सड़कों पर बह निकला, जिससे कई मार्गों पर आवागमन बाधित हुआ।

बिजली गुल, आगे भी मौसम बदले रहने के आसार::::

हालांकि इस बदले मौसम के साथ कई समस्याएं भी सामने आईं। अंधड़ और बारिश के कारण ग्रामीण क्षेत्रों के अधिकांश गांवों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। कई स्थानों पर बिजली के खंभे गिर गए और तार टूट गए, जिससे देर रात तक अंधेरा छाया रहा। लोगों को गर्मी और उमस के बीच बिना बिजली के रात गुजारनी पड़ी। बिजली निगम की टीमें व्यवस्था बहाल करने में जुटी रहीं।

मौसम में आए इस बदलाव को पश्चिमी विक्षोभ का असर माना जा रहा है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार आने वाले दिनों में भी आंधी और बारिश का दौर जारी रह सकता है, जिससे तापमान में गिरावट बनी रहेगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलती रहेगी। (कासं )

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *