सोनभद्र जिले में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। पिछले दो दिनों से तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के पार बना हुआ है, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। आसमान से बरस रही आग और गर्म हवाओं के थपेड़ों ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। सुबह से ही तेज धूप का असर दिखाई देने लगता है और दोपहर होते-होते सड़कों पर सन्नाटा पसर जाता है। लोग केवल आवश्यक कार्य होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। दोपहर के समय अधिकांश बाजारों में चहल-पहल कम देखी जा रही है, जबकि शीतल पेय, जूस, बेल का शरबत और आइसक्रीम की दुकानों पर भीड़ बढ़ गई है। ग्रामीण क्षेत्रों में भी गर्म हवाओं और उमस के कारण लोग परेशान हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र चुर्क के प्रेक्षक राजन सिंह ने बताया कि बुधवार को जिले का अधिकतम तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मंगलवार को अधिकतम पारा 43.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। वहीं, सोमवार को न्यूनतम पारा 26.9 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस रहा। देखें, 3 तस्वीरें… जिला प्रशासन ने लोगों को दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की सलाह दी गयी है। इसके साथ ही, अधिक मात्रा में पानी पीने, हल्के कपड़े पहनने और बच्चों एवं बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने को कहा गया है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, फिलहाल गर्मी से राहत मिलने के आसार कम हैं। आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी होने की संभावना जताई जा रही है।


