झारखंड में आज मौसम पूरी तरह साफ और शुष्क रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, आज राज्य के अधिकांश हिस्सों में आसमान मुख्यतः साफ रहेगा। बारिश की कोई संभावना नहीं है। बीते दिन जहां कुछ इलाकों में बादल और हल्की बारिश देखने को मिली थी, वहीं आज मौसम स्थिर बना रहेगा। अगले 24 घंटे के दौरान तापमान में विशेष बदलाव की संभावना नहीं जताई गई है। साफ मौसम के कारण दिन में धूप तेज रहेगी। जिससे गर्मी का असर अधिक महसूस किया जाएगा। उत्तर-पश्चिमी और मध्य हिस्सों में लू की चेतावनी मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि आज राज्य के उत्तर-पश्चिमी, दक्षिणी और मध्य हिस्सों में कहीं-कहीं लू चल सकती है। विशेषकर बोकारो और धनबाद जैसे इलाकों में गर्म हवाओं का असर देखने को मिल सकता है। लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने में सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। हालांकि आज वज्रपात या तेज हवा जैसी कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है, लेकिन तापमान में बढ़ोतरी के कारण गर्मी से राहत मिलने की संभावना नहीं है। 39 डिग्री के आसपास रहेगा रांची का पारा राजधानी रांची और आसपास के क्षेत्रों में आज आसमान साफ रहेगा। मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहेगा। यहां अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। दिनभर तेज धूप के कारण लोगों को उमस और गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो-तीन दिनों तक इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना है, जिसके चलते गर्मी से राहत मिलने के आसार कम हैं। विशेषज्ञों ने लोगों को अधिक पानी पीने, धूप से बचने और जरूरी सावधानी बरतने की सलाह दी है। पलामू राज्य का सबसे गर्म जिला बीते 24 घंटे में पलामू सबसे गर्म जिला रहा। पलामू का तापमान 43.9°C दर्ज किया गया। यह सामान्य से करीब 4 डिग्री अधिक है। इसके अलावा बोकारो-थर्मल में 43.1°C और सरायकेला में 41.9°C तापमान रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से काफी ऊपर है। जमशेदपुर में 41.6°C और चाईबासा में 41.4°C तापमान दर्ज किया गया, जिससे साफ है कि राज्य के कई हिस्सों में गर्मी का असर लगातार बढ़ रहा है। राजधानी रांची में भी अधिकतम तापमान 39.3°C दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.4 डिग्री अधिक है। 42 से 44°C के बीच रहेगा अधिकतम पारा मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, चतरा, गढ़वा और पलामू जैसे जिलों में अधिकतम तापमान 44°C तक पहुंच सकता है। कोडरमा में भी 43°C तक तापमान रहने के आसार हैं। इसी तरह पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम तथा सरायकेला-खरसावां जिलों में भी तापमान 42 से 44°C के बीच बना रहेगा। इन इलाकों में लगातार गर्म हवाएं चलने और लू जैसी स्थिति बनने की संभावना है। रांची, बोकारो, रामगढ़ और हजारीबाग जैसे जिलों में अधिकतम तापमान 39 से 43°C के बीच रहेगा। वहीं देवघर, दुमका, गिरिडीह और जामताड़ा जैसे उत्तर-पूर्वी जिलों में तापमान 40 से 42°C तक पहुंच सकता है। न्यूनतम तापमान भी 22 से 27°C के बीच रहने का अनुमान है, जिससे रात में भी उमस और गर्मी बनी रहेगी। मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों तक तापमान में कोई खास गिरावट नहीं होगी।


