मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। ‘बात खरी है’ मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे से दैनिक भास्कर एप पर मिलेगा। भाजपा विधायक की एसडीओपी को धमकी
शिवपुरी जिले के पिछोर से भाजपा विधायक प्रीतम लोधी का एक और वीडियो सामने आया है, जिसमें वे एसडीओपी को धमकी देते नजर आ रहे हैं। वीडियो में वे कह रहे हैं कि करैरा के एसडीओपी के बंगले को 10 हजार लोगों को ले जाकर गोबर से भरवा देंगे। वीडियो में विधायक प्रीतम लोधी यह भी कहते सुनाई दे रहे हैं कि मेरा मुक्का पहले ढाई किलो का था, अब यह ढाई सौ किलो का हो गया है। उन्होंने आगे कहा कि वे उन्हें बेचैन कर देंगे। दरअसल, हाल ही में उनके बेटे ने थार वाहन से पांच लोगों को टक्कर मार दी थी। इस मामले में पुलिस की सख्ती से वे नाराज हो गए। उनका कहना है कि उन्हें बताया जा रहा है कि इस मामले में दिल्ली से निर्देश आ रहे हैं। इस पर विधायक ने कहा कि वे एसपी से पूछना चाहते हैं कि उन्हें दिल्ली से निर्देश कौन भेज रहा है। क्या मोदी भेज रहे हैं, अमित शाह भेज रहे हैं या महाराज सिंधिया भेज रहे हैं? साथ ही उन्होंने यह भी पूछा कि ऐसे निर्देश केवल उन्हें ही क्यों भेजे जा रहे हैं, जबकि भोपाल में पार्टी का नेतृत्व मौजूद है। विधायक ने कहा कि वे 15 दिनों के भीतर इस पूरे मामले में स्पष्टीकरण चाहते हैं। उन्होंने यह भी जोड़ा कि वे मामले में सहयोग कर रहे हैं और इस पर भी स्पष्टता चाहते हैं। डैमेज कंट्रोल करते दिखे सीएम मोहन यादव
इंदौर में एक कार्यक्रम के मंच पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भाजपा के वरिष्ठ नेता सत्यनारायण सत्तन के दो बार पैर छुए। उन्होंने सत्तन को अपने पास बैठाया और उनकी जमकर तारीफ भी की। सीएम ने कहा- मैं एक रहस्य की बात बताता हूं। जब भी मैं चुनाव लड़ा, चाहे विधायक का हो या इस कार्यकाल का चुनाव हो, उसके कार्यालय के उद्घाटन में कोई आए या न आए, सत्तन गुरु जरूर आते हैं। दरअसल, पिछली बार जब सीएम इंदौर आए थे, तब मंच पर जगह नहीं मिलने से वरिष्ठ नेता सत्यनारायण सत्तन नाराज हो गए थे और कार्यक्रम छोड़कर चले गए थे। इसके बाद उन्हें मनाने में इंदौर के भाजपा नेताओं को काफी मशक्कत करनी पड़ी थी। अब इस वीडियो के सामने आने के बाद लोग कह रहे हैं कि इस बार मुख्यमंत्री ने खुद स्थिति संभाली और डैमेज कंट्रोल की कोशिश की। साथ ही उन्होंने यह संदेश भी दिया कि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का सम्मान करना ही चाहिए। मंत्री के लिए महिला नेताओं को होना पड़ा शिफ्ट
महिला आरक्षण बिल पास नहीं होने को लेकर भोपाल में भाजपा ने कांग्रेस के खिलाफ ‘जन आक्रोश महिला पदयात्रा’ का आयोजन किया। महिला शक्ति को केंद्र में रखकर आयोजित इस कार्यक्रम में एक हैरान करने वाला नजारा भी देखने को मिला। दरअसल, मंच पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के साथ महिला मंत्री, सांसद, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद थे। इसी दौरान भोपाल के प्रभारी मंत्री चैतन्य काश्यप वहां पहुंचे। उनके बैठने की व्यवस्था करने के लिए पहले से मंच पर मौजूद महिला नेताओं को अपनी सीट छोड़कर दूसरी जगह जाना पड़ा। इस घटना को लेकर अब लोग चुटकी ले रहे हैं। वहीं, इसी कार्यक्रम में भाजपा ने जितनी महिलाओं की भागीदारी का दावा किया था, उसके मुकाबले कम महिलाएं नजर आईं। भाषणों के बाद जब पदयात्रा शुरू हुई, तो उसमें महिलाओं की तुलना में पुरुषों की संख्या अधिक दिखाई दी। चेंबर में उतकर पार्षद प्रतिनिधि का प्रदर्शन
देवास में एक पार्षद प्रतिनिधि ने अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। वे पानी जाम होने की समस्या को लेकर नाराज थे और इसी मुद्दे को उठाने के लिए नाले के एक चेंबर में उतर गए। बताया जा रहा है कि उन्होंने इस समस्या को लेकर नगर निगम कमिश्नर से बात की थी। पार्षद प्रतिनिधि का दावा है कि कमिश्नर ने उनसे कहा- क्या मैं खुद चेंबर में उतर जाऊं? इसी बात को आधार बनाते हुए उन्होंने खुद ही चेंबर में उतरकर जाम पानी की स्थिति दिखाई। बाद में उन्हें समस्या के समाधान का भरोसा दिया, जिसके बाद वे चेंबर से बाहर आए। हालांकि, अब तक समस्या पूरी तरह हल नहीं हो सकी है, लेकिन इस अनोखे प्रदर्शन के चलते पार्षद प्रतिनिधि जरूर सुर्खियों में आ गए। इनपुट सहयोग – विजय सिंह बघेल (भोपाल), संतोष शितोले (इंदौर), कपिल मिश्रा (शिवपुरी), महेश सोलंकी (देवास) ये भी पढ़ें –
पंडोखर धाम में मंच पर डांस, नीचे टूटी कुर्सियां: महिला विधायक ने मंत्री का हाथ जलाया दतिया के पंडोखर धाम में डांस कार्यक्रम के दौरान बवाल हो गया। भोजपुरी कलाकार आम्रपाली की प्रस्तुति चल रही थी। तभी भीड़ बेकाबू हो गई और देखते ही देखते हंगामा शुरू हो गया। लोगों ने पंडाल में लगी कुर्सियां तोड़ दीं, कूलर गिरा दिए और बड़ी स्क्रीन भी उखाड़ दी। पूरी खबर पढ़ें


