आखिरी कॉल पर भाई से कहा था ‘मुझे ले जाओ, ये लोग मार डालेंगे’, 3 दिनों से भूखी थी पलक

MP News: मध्यप्रदेश के ग्वालियर में 12 मई को संदिग्ध परिस्थितियों में हुई नवविवाहिता पलक रजक (21 वर्ष) की मौत की गुत्थी उलझती नजर आ रही है। एक तरफ जहां पलक के ससुरालवाले इसे आत्महत्या बता रहे हैं तो वहीं पलक के मायके वालों ने हत्या कर शव को फांसी पर लटकाने के आरोप लगाए हैं। पुलिस की जांच में ये भी पता चला है कि पलक ने तीन दिनों से कुछ भी नहीं खाया था। पलक के भाई प्रिंस का कहना है कि मौत से महज 30 मिनट पहले पलक ने उसे फोन कर कहा था- ‘मुझे ले जाओ, वरना ये मुझे मार डालेंगे’। इसके बाद जब वो पहुंचा तो अस्पताल में स्ट्रेचर पर बहन का शव पड़ा था।

करीब एक साल पहले हुई थी शादी

ग्वालियर के मुरार स्थित सुरैयापुरा इलाके में रहने वाली 21 साल की पलक रजक की शादी करीब एक साल पहले अप्रैल 2025 में एयरफोर्स में आउटसोर्स कर्मचारी अमित रजक से हुई थी। पलक की 12 मई को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। पलक के ससुरालवालों का कहना है कि पलक ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है तो वहीं पलक के मायके वालों का आरोप है कि सास और देवर शादी के कुछ समय बाद से ही पलक को दहेज व कार की मांग को लेकर प्रताड़ित करते थे। मायके वालों का ये भी कहना है कि पलक के गले, पैर और शरीर के अन्य हिस्सों पर चोट के निशान थे।

gwalior news

30 मिनट पहले भाई को किया था कॉल

मृतका पलक के भाई प्रिंस रजक ने बताया कि 12 मई को घटना से करीब आधे घंटे पहले पलक का उनके पास फोन आया था। तब पलक फोन पर रो रही थी और मुझे बोली कि- भैय्या मुझे आकर ले जाओ, वरना ये लोग मुझे मार डालेंगे। मैं बहन के घर जाने के लिए निकला लेकिन तभी रास्ते में फोन आया कि पलक को जिला अस्पताल ले जाया गया, अस्पताल पहुंचा तो वहां स्ट्रेचर पर पलक की लाश मिली।

तीन दिन से भूखी थी, एनिवर्सरी पर किया था अजीब पोस्ट

पुलिस को जांच के दौरान ये भी पता चला है कि पलक ने तीन दिन से कुछ नहीं खाया था। पलक के सोशल मीडिया पर 10 हजार से ज्यादा फॉलोअर्स थे। उसके सोशल मीडिया अकाउंट की जांच करने पर पुलिस को कुछ पोस्ट और रील्स मिली हैं जिनसे लग रहा है कि पलक मानसिक तनाव में थी। उसने घटना से दो दिन पहले 10 मई को एक रील पोस्ट की थी जिसमें Panic Attack, Anxiety, Sleepless Nights, Continuous Crying और Depression जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया गया था। इससे पहले 25 अप्रैल को शादी की सालगिरह पर भी पलक ने एक रील पोस्ट की थी। जिसमें बैकग्राउंड में एक गाना चल रहा था और पलक ने लिखा था- ‘सत्यानाश होने वाले जितने रास्ते थे, मैं सबमें VIP एंट्री लेकर घुस गई।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *