बंदूकधारियों ने की ताबड़तोड़ गोलीबारी, मैक्सिको में 10 लोगों की मौत

बंदूकधारियों ने की ताबड़तोड़ गोलीबारी, मैक्सिको में 10 लोगों की मौत

अपराध की बात की जाए, तो मैक्सिको (Mexico) में स्थिति काफी खराब है। देश में बढ़ता अपराध एक बड़ी समस्या है और काफी कोशिशों के बावजूद इस पर लगाम नहीं कसी जा रही है। समय-समय पर मैक्सिको में आपराधिक मामले सामने आते रहते हैं। हाल ही में मैक्सिको में इसी तरह का एक और मामला सामने आया है। मैक्सिको के पुएब्ला (Puebla) राज्य के तेहुइटज़िंगो (Tehuitzingo) कस्बे में रविवार को गोलीबारी का मामला सामने आया है।

ताबड़तोड़ गोलीबारी से मचा हाहाकार

पुएब्ला राज्य के तेहुइटज़िंगो कस्बे में रविवार को बंदूकधारियों ने एक आदिवासी समुदाय के लोगों पर ताबड़तोड़ गोलीबारी कर दी। इस हमले से हाहाकार मच गया। लोग अपनी जान बचाने के लिए चीखते-चिल्लाते हुए इधर-उधर भागने लगे।

10 लोगों की हुई मौत

इस गोलीबारी में 10 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में 6 पुरुष, 3 महिलाएं और 1 नाबालिग शामिल थे। 6 पीड़ित एक ही परिवार के थे और 4 अन्य लोग वहाँ काम करते थे।

मामले की जांच हुई शुरू

इस घटना के बाद मामले की जांच शुरू हो गई है। शुरुआती जांच में पता चला है कि संभावित रूप से किसी पारिवारिक विवाद की वजह से इस घटना को अंजाम दिया गया। हालांकि अभी तक इसकी पुष्टि नहीं हुई है। जांच के तहत अभियोजकों ने शवों को बरामद किया और घटनास्थल से सबूत जुटाए। सुरक्षा बलों ने इस हमले के लिए ज़िम्मेदार लोगों का पता लगाने और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए एक अभियान शुरू किया है, जबकि जांचकर्ता हमले के पीछे के मकसद का पता लगाने में जुटे हुए हैं।

इलाके में बढ़ाई सुरक्षा

राज्य के सार्वजनिक सुरक्षा सचिव फ्रांसिस्को सांचेज़ ने बताया कि इस घटना के बाद सुरक्षाबलों की मदद से इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। वहीँ राज्य के गवर्नर अलेजांद्रो अरमेंटा ने अभी तक इस मामले पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि पुएब्ला राज्य में इस साल इस तरह की गोलीबारी की यह तीसरी घटना है। फरवरी में ह्यूहुएट्लान एल ग्रांडे (Huehuetlan El Grande) शहर में 6 लोगों की हत्या कर दी गई थी। कुछ दिनों बाद पुएब्ला की राजधानी पुएब्ला शहर में एक गाड़ी पर हमला किया गया था, जिसमें 3 लोगों की मौत हो गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *