एमपी में 4 लाख शिक्षकों और छात्रों के लिए अच्छी खबर, बढ़ सकती हैं गर्मियों की छुट्टियां

एमपी में 4 लाख शिक्षकों और छात्रों के लिए अच्छी खबर, बढ़ सकती हैं गर्मियों की छुट्टियां

MP School Holiday: मध्यप्रदेश के सरकारी स्कूलों में पदस्थ 4 लाख शिक्षकों और सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले छात्रों के लिए एक अच्छी खबर है। सूत्रों से जानकारी मिल रही है कि प्रदेश में पड़ रही भीषण गर्मी के कारण ग्रीष्मकालीन अवकाश में बढ़ोतरी हो सकती है। स्कूल शिक्षा विभाग ग्रीष्मकालीन अवकाश को आगे बढ़ाने पर विचार कर रहा है। हालांकि अभी इसे लेकर कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं हुआ है लेकिन माना जा रहा है कि जल्द ही छुट्टियों का तोहफा देते हुए आधिकारिक आदेश जारी किया जा सकता है। बता दें कि मध्य प्रदेश शिक्षक संघ के प्रतिनिधि मंडल ने मध्य प्रदेश शासन के स्कूल शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह से भेंट कर प्रदेश में भीषण गर्मी को देखते हुए शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के ग्रीष्मकालीन अवकाश 30 जून तक बढ़ाने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा था।

15 दिन बढ़ सकते हैं शिक्षकों के ग्रीष्मकालीन अवकाश

सूत्रों से जो जानकारी मिल रही है उसके मुताबिक 31 मई को खत्म हो रहे शिक्षकों के ग्रीष्मकालीन अवकाश को भीषण गर्मी को देखते हुए 15 दिन यानी 15 जून तक आगे बढ़ाया जा सकता है। हालांकि अभी इसे लेकर कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं हुआ है लेकिन माना जा रहा है कि स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से इस संबंध में जल्द ही आधिकारिक आदेश जारी किया जा सकता है।

बच्चों की छुट्टियां भी बढ़ सकती हैं

बताया ये भी जा रहा है कि गर्मी के कारण सरकारी स्कूलों की छुट्टियां भी आगे बढ़ाई जा सकती हैं। अभी सरकारी स्कूलों में 15 जून तक ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित हैं, जिन्हें बढ़ाकर 22 जून किया जा सकता है। बता दें कि मध्यप्रदेश में इन दिनों भीषण गर्मी पड़ रही है और कई जिलों में पारा 45 डिग्री के पार पहुंच चुका है।

एमपी में गर्मी का कहर

मध्यप्रदेश में इन दिनों भीषण गर्मी पड़ रही है और कई जिले लू की चपेट में हैं। गर्मी के कारण लोगों का बुरा हाल है और बीते 24 घंटों की बात करें तो प्रदेश में सबसे ज्यादा गर्म छतरपुर जिले के खजुराहो और नौगांव रहे, जहां अधिकतम तापमान 46.6 डिग्री दर्ज किया गया। इसके अलावा दतिया में 45.7 डिग्री, रीवा में 45.4 डिग्री, दमोह में 45.2 और राजगढ़ में 45 डिग्री तापमान दर्ज किया है। गुरुवार को भी मौसम विभाग ने प्रदेश के सतना, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी जिले में भीषण गर्मी का रेड अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा दतिया, भिंड, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, उमरिया, कटनी, मैहर, छिंदवाड़ा, गुना, दमोह, सागर में लू और गर्म रात्रि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *