खुशखबरी : भजनलाल सरकार मुफ्त में करा रही द्वारका-सोमनाथ के दर्शन, अगले सप्ताह खुलेगा पोर्टल

खुशखबरी : भजनलाल सरकार मुफ्त में करा रही द्वारका-सोमनाथ के दर्शन, अगले सप्ताह खुलेगा पोर्टल

जयपुर। देवस्थान विभाग की ओर से ‘वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना 2026-27’ के तहत ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी। बुधवार को शासन सचिवालय में देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में इसके लिए अगले सप्ताह से 15 दिनों तक विभागीय पोर्टल खोलने के निर्देश दिए गए। इस वर्ष योजना के तहत कुल 56 हजार वरिष्ठ नागरिकों को तीर्थ यात्रा कराई जाएगी, जिसमें 50 हजार यात्रियों को ट्रेन और 6 हजार को हवाई यात्रा का लाभ मिलेगा।

यह वीडियो भी देखें

बैठक में “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व यात्रा” के तहत 5 जून 2026 को जयपुर से रवाना होने वाली विशेष धार्मिक पर्यटक ट्रेन की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। यह ट्रेन जयपुर के दुर्गापुरा रेलवे स्टेशन से दोपहर करीब 3 बजे रवाना होगी। प्रदेशभर के करीब 1000 वरिष्ठजन द्वारका, नागेश्वर और सोमनाथ के दर्शन के लिए इस विशेष ट्रेन से यात्रा करेंगे। इस विशेष ट्रेन में जयपुर के अलावा अजमेर और आबू रोड स्टेशन से भी वरिष्ठजन सवार होंगे।

6 को पहुंचेगी सोमनाथ

मंत्री कुमावत ने बताया कि अजमेर और आबू रोड स्टेशन पर करीब 20 मिनट का ठहराव रहेगा, जहां यात्रियों की बोर्डिंग और अन्य व्यवस्थाएं पूरी की जाएंगी। 6 जून को सुबह करीब 11:30 बजे ट्रेन सोमनाथ पहुंचेगी। यहां यात्रियों को होटल में ठहराने की व्यवस्था की जाएगी। विश्राम के बाद स्थानीय धार्मिक और दर्शनीय स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि 7 जून को सोमनाथ के शेष दर्शनीय स्थलों के दर्शन करवाने के बाद रात करीब 11:30 बजे ट्रेन द्वारका के लिए रवाना होगी।

धार्मिक स्थलों के दर्शन कराए जाएंगे

8 जून को सुबह करीब 6 बजे द्वारका पहुंचने पर यात्रियों को होटल ट्रांसफर और विश्राम की सुविधा दी जाएगी। इसके बाद द्वारकाधीश मंदिर सहित स्थानीय धार्मिक स्थलों के दर्शन कराए जाएंगे। 9 जून को दिनभर भ्रमण कार्यक्रम के बाद शाम करीब 6 बजे विशेष ट्रेन जयपुर के लिए रवाना होगी। 10 जून को शाम करीब 4 बजे ट्रेन जयपुर पहुंचेगी। वापसी के दौरान अजमेर और आबू रोड स्टेशन पर भी यात्रियों के उतरने की व्यवस्था रहेगी।

ट्रेन में कुल 14 वातानुकूलित कोच

मंत्री कुमावत ने बताया कि ट्रेन में कुल 14 वातानुकूलित कोच, 2 पावर कार और 1 पैंट्री कार लगाई जाएगी। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए भोजन, होटल में ठहरने, स्थानीय परिवहन और दर्शनीय स्थलों के भ्रमण की पूरी व्यवस्था देवस्थान विभाग की ओर से की जाएगी। देवस्थान विभाग ने तीर्थयात्रियों की यात्रा को सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने के लिए विशेष प्रबंध किए हैं। ट्रेन में एक ट्रेन प्रभारी, प्रत्येक कोच में दो अनुदेशक, साथ ही एक डॉक्टर और दो नर्सिंग कर्मचारी तैनात रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *