Gonda News: नशे के खिलाफ गोंडा पुलिस का बड़ा एक्शन, नष्ट किया ₹41 करोड़ का ड्रग्स

Gonda News: नशे के खिलाफ गोंडा पुलिस का बड़ा एक्शन, नष्ट किया ₹41 करोड़ का ड्रग्स

गोंडा जिले में शुक्रवार को पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने करीब 41 करोड़ 60 लाख रुपए की कीमत के अवैध मादक पदार्थों को जलाकर नष्ट कर दिया। गोंडा पुलिस ने ऑपरेशन ‘दहन’ अभियान के तहत यह कार्रवाई मैजापुर चीनी मिल स्थित इंसिनरेटर में की है। जिले के अलग-अलग थानों में दर्ज 898 एनडीपीएस मामलों से जुड़े करीब 15 क्विंटल से अधिक ड्रग्स को पूरी कानूनी प्रक्रिया के साथ खत्म किया गया।

उत्तर प्रदेश पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन दहन अभियान के तहत गोंडा पुलिस लगातार नशे के कारोबार पर कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल की निगरानी में जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी ने बड़ी मात्रा में जब्त मादक पदार्थों का विनिष्टीकरण कराया। यह पूरी कार्रवाई मैजापुर चीनी मिल में मौजूद इंसिनरेटर प्लांट में की गई। जहां विभिन्न थानों में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के 898 मुकदमों से जुड़े मादक पदार्थों को जलाकर नष्ट किया गया। पुलिस के मुताबिक नष्ट किए गए ड्रग्स में सबसे ज्यादा गांजा शामिल था। इसके अलावा चरस, अफीम, स्मैक, हीरोइन, कोकीन और डोडा जैसे मादक पदार्थ भी शामिल रहे।

पुलिस

करीब ₹41 करोड़ 60 लाख का ड्रग नष्ट

पुलिस के अनुसार कुल 1511 किलो 763 ग्राम अवैध मादक पदार्थों को नष्ट किया गया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी अनुमानित कीमत करीब 41 करोड़ 60 लाख रुपए है। पूरी प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा मानकों और कानूनी नियमों का विशेष ध्यान रखा गया। कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई गई, ताकि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी बनी रहे।

एसपी ने दी जानकारी

एसपी विनीत जायसवाल ने बताया कि पुलिस गोंडा जिले को नशा मुक्त बनाने के लिए लगातार अभियान चला रही है। मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। और आगे भी यह अभियान जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि जब्त ड्रग्स को नष्ट करने से इनके दोबारा गलत इस्तेमाल की संभावना खत्म हो जाती है।

समाज में नशे के खिलाफ मजबूत संदेश जाता है। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी अजीत कुमार रजक, सीओ सिटी आनंद कुमार राय, ड्रग डिस्पोजल कमेटी के सदस्य, डीसीआरबी प्रभारी समेत जिले के सभी थानों के हेड मुहर्रिर और मैजापुर चीनी मिल के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *