ऑर्केस्ट्रा में काम के बहाने हरियाणा की युवती से रेप:उम्र 25 साल, 1 साल पहले बिहार में देहव्यापारियों के चंगुल में फंसी; अब खुद को बचाया

“मैं नोएडा सेक्टर-62 की रहने वाली संगीता से करीब एक साल पहले सोशल मीडिया के जरिए मिली थी। संगीता ने मुझे कई बार अलग-अलग जगहों पर ऑर्केस्ट्रा में काम के लिए बुलाया। हर बार उसने तय मेहनताना भी दिया। हाल ही में उसने मुझे बिहार के बेगूसराय के नावकोठी में एक प्रोग्राम में डांस के लिए बुलाया था। मैं आई थी, लेकिन कुछ पैसे बकाया रह गए थे। मैंने बकाए पैसे की मांग की तो संगीता के साथ रहने वाले अमरजीत ने मेरे साथ दुष्कर्म किया और जबरन देह व्यापार कराने की कोशिश की।” ये बातें हरियाणा के सोनीपत की रहने वाली सोनल चौहान (काल्पनिक नाम) ने बेगूसराय पुलिस से कही। देश के अलग-अलग शहरों से लड़कियों को ऑर्केस्ट्रा के नाम पर बेगूसराय बुलाकर जबरन देह व्यापार कराया जा रहा था। सोनल ने संगीता और ऑर्केस्ट्रा चलाने वाले अमरजीत के खिलाफ FIR दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में अमरजीत और संगीता को गिरफ्तार किया है। साथ ही किराए के मकान से 6 लड़कियों को रेस्क्यू भी किया है। बेगूसराय का रहने वाला ऑर्केस्ट्रा संचालक कौन है? पुलिस को ऑर्केस्ट्रा की आड़ में देह व्यापार की सूचना किसने दी थी? रेस्क्यू की गई लड़कियों ने अपनी आपबीती में क्या बताया है? पढ़िए पूरी रिपोर्ट। सबसे पहले सोनल चौहान की 3 तस्वीरें देखिए अब जानिए सोनल ने बेगूसराय पुलिस को क्या बताया? 25 साल की सोनल ने बेगूसराय पुलिस को बताया, “हरियाणा के सोनीपत में मेरा पूरा परिवार रहता है। परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है, इसलिए मुझे काम करना पड़ता है। शुरुआत में मैं इधर-उधर छोटे-मोटे काम करती थी। सोशल मीडिया के जरिए मेरी मुलाकात संगीता से हुई। मैंने उसे अपनी कहानी और परिवार की आर्थिक स्थिति के बारे में बताया। संगीता ने मुझसे पूछा कि क्या तुम डांस कर सकती हो। मैंने कहा- हां। जब मैंने डांस के लिए हामी भरी, तो संगीता ने कहा कि उसके कुछ दोस्त और जानने वाले हैं, जो ऑर्केस्ट्रा चलाते हैं। इसके बाद उसने मुझे कई बार ऑर्केस्ट्रा में डांस के लिए भेजा। हर प्रोग्राम के खत्म होने के बाद मुझे पेमेंट मिल जाता था।” सोनल चौहान ने बताया, “कुछ महीने पहले संगीता ने मुझे बिहार के बेगूसराय के रहने वाले अमरजीत के बारे में बताया। उसने कहा, ‘वह मेरा दोस्त है और ऑर्केस्ट्रा चलाता है। अगर तुम तैयार हो, तो मैं तुम्हारे बारे में उससे बात करती हूं। वहां पैसे अच्छे मिल जाएंगे। मैंने संगीता से कहा कि मैं तैयार हूं। कुछ दिन पहले मुझे संगीता का कॉल आया। उसने कहा कि एक शादी का फंक्शन है, जहां डांस करना है और मुझे बेगूसराय आना होगा। 20 अप्रैल को मैं बेगूसराय के एक मुंडन फंक्शन में गई, जहां मैंने डांस किया। प्रोग्राम खत्म होने के बाद मैंने पेमेंट की बात कही। इसके बाद संगीता ने मेरी मुलाकात अमरजीत से कराई। फिर पेमेंट देने के बहाने मुझे नागदह स्थित शंकर शाह के किराए के मकान में ले जाया गया।” ज्यादा पैसे चाहिए, तो हमारी बात माननी पड़ेगी सोनल ने बताया, “जब मैं किराए के मकान में पहुंची, तो अमरजीत ने मुझसे कहा कि अगर ज्यादा पैसे चाहिए, तो तुम्हें वह सब करना पड़ेगा जो हम चाहते हैं। यह सुनकर मैं चौंक गई और उसके इरादे समझ गई। फिर भी मैंने पूछा कि आखिर करना क्या है। इसके बाद मुझे एक दूसरे कमरे में ले जाया गया, जहां पहले से चार-पांच लड़कियां मौजूद थीं। अमरजीत और संगीता ने मुझे उन लड़कियों के साथ बैठने को कहा और कुछ देर के लिए बाहर चले गए। इस दौरान मैंने वहां मौजूद लड़कियों से बात की। उन्होंने बताया कि अमरजीत और संगीता उनसे जबरन देह व्यापार करा रहे हैं। यह सुनकर मुझे एहसास हुआ कि मैं फंस चुकी हूं। मैं किसी तरह वहां से निकलकर हरियाणा लौटने का प्लान बना ही रही थी कि तभी अमरजीत और संगीता वापस आ गए।” देहव्यापार के विरोध पर अमरजीत ने दुष्कर्म की कोशिश की कमरे में संगीता और अमरजीत ने मुझसे पूछा कि तुम्हें पता चल गया होगा कि ज्यादा पैसे के लिए तुम्हें क्या करना होगा। मैंने दोनों को बताया कि मुझे पता चल गया है, लेकिन पैसे के लिए मैं कुछ भी नहीं करूंगी, खासकर वो जो आप लोग मझसे चाहते हैं। सोनल के मुताबिक, जब मैंने देहव्यापार के लिए साफ इनकार कर दिया तो अमरजीत ने रेप की कोशिश की। मैंने पूरी ताकत से अमरजीत का विरोध किया। इस दौरान संगीता और अन्य लड़कियां चुपचाप सबकुछ देखती रही। अमरजीत और संगीता के जाने के बाद मुझे कुछ समझ नहीं आ रहा था कि इन दोनों के चंगुल से मैं कैसे बाहर निकलूं। मैं काफी देर तक रोती, चीखती और चिल्लाती रही, लेकिन न किसी ने मेरी आवाज सुनी, न किसी ने कोई मदद की। डायल 112 पर फोन पर पुलिस को दी घटना की जानकारी सोनल ने बताया कि मेरे बैग में एक कीपैड मोबाइल था। मैंने तुरंत डायल 112 को कॉल किया। पुलिस को मैंने सारी घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने मुझसे कहा कि आप चिंता मत कीजिए, हम आपको सुरक्षित निकाल लेंगे। मेरे कॉल करने के करीब आधे घंटे बाद पुलिस ने उस मकान पर पहुंचकर छापेमारी की, जहां मुझे रखा गया था। सोनल ने बताया कि पुलिस ने मेरे साथ-साथ अंदर मौजूद पांच अन्य लड़कियों का रेस्क्यू किया और वीरपुर के बड़हरा गांव के रहने वाले अमरजीत और उसकी दोस्त संगीता को गिरफ्तार किया। शुरुआती पूछताछ में सोनल के अलावा रेस्क्यू की गई लड़कियों ने पुलिस को बताया कि जबरन देहव्यापार कराया जा रहा था। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी जाती थी। मजबूरी में हम लोग ऑर्केस्ट्रा के साथ-साथ गलत काम कर रहे थे। संगठित गिरोह की जांच कर रही पुलिस मामले की जानकारी और लड़कियों का रेस्क्यू करने वाली लोहियानगर थाना की पुलिस ने ‎मामला दर्ज कर लिया है और पूरे ‎नेटवर्क की जांच में जुट गई है। ‎पुलिस यह भी पता लगा रही है कि ‎इस मामले में और कौन-कौन लोग ‎शामिल हैं और क्या यह संगठित ‎गिरोह का हिस्सा है।‎

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *