फर्जीवाड़ा : फर्जी ऋण पुस्तिका से बेच रहे जमीन

फर्जीवाड़ा : फर्जी ऋण पुस्तिका से बेच रहे जमीन

बालोद जिले के ग्राम लाटाबोड़ में स्थित कृषि भूमि को लेकर कथित फर्जीवाड़े का गंभीर मामला सामने आया है। जमीन के मूल मालिक डमेंद्र कुमार गंजीर का आरोप है कि उनकी जानकारी और सहमति के बिना कुछ लोग उनकी भूमि का सौदा कर रहे हैं। मामले की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने थाना, तहसीलदार, उपपंजीयक, पुलिस अधीक्षक एवं कलेक्टर को लिखित शिकायत देकर प्रस्तावित रजिस्ट्री पर रोक लगाने और पूरे प्रकरण की जांच कराने की मांग की है।

छह माह का इकरारनामा कर अग्रिम दिया

पीडि़त डमेंद्र कुमार गंजीर ने शिकायत में बताया कि 30 मई की सुबह मिनेश विश्वकर्मा ने उनसे संपर्क कर पूछा कि क्या वे अपनी जमीन बेच रहे हैं। डमेंद्र गंजीर ने स्पष्ट किया कि उन्होंने अपनी जमीन बेचने का कोई निर्णय नहीं किया है। जानकारी जुटाने पर देवारभाट निवासी वर्मा परिवार का नाम सामने आया। कमला वर्मा ने बताया कि बालोद निवासी एक व्यक्ति “सोनी” के साथ आया और स्वयं को डमेंद्र कुमार गंजीर बताकर जमीन बेचने की बात की। ऋण पुस्तिका भी दिखाई थी। दोनों पक्षों के बीच छह माह का इकरारनामा भी तैयार किया गया और कुछ राशि अग्रिम के तौर पर दी गई।

यह भी पढ़ें :

कब्जा हटाने आदिवासी समाज ने घेरा कलेक्ट्रेट

ऋण पुस्तिका में फोटो नहीं होने से हुआ संदेह

कमला वर्मा को ऋण पुस्तिका में फोटो न होने से संदेह हुआ। इसी बीच असली डमेंद्र कुमार गंजीर का फोन आया, जिससे संभावित धोखाधड़ी का अहसास हुआ। डर्मेंद्र गंजीर का आरोप है कि सौदे में जिस ऋण पुस्तिका का उपयोग किया गया है, वह संदिग्ध है और 2018 की जारी तिथि अंकित है। उन्होंने एक ही भूमि के लिए दो ऋण पुस्तिकाओं के अस्तित्व पर सवाल उठाया है। उन्होंने फर्जी दस्तावेज बनाने में विभागीय मिलीभगत की आशंका भी जताई है। प्रशासन से रजिस्ट्री रोकने और निष्पक्ष जांच की मांग की गई है।

एक ही जमीन की दो ऋण पुस्तिका, सिस्टम पर सवाल

जमीन मालिक ने आरोप लगाया कि कथित सौदे में जिस ऋण पुस्तिका का उपयोग किया गया है, वह संदिग्ध है। आखिर एक ही जमीन की दो ऋण पुस्तिका कैसे बन गई और किसने बनाया। इस फर्जीवाड़ा से सरकारी सिस्टम पर सवाल उठ रहा है। मामले में जमीन दलाल भी सक्रिय होने की आशंका है। उन्होंने कहा कि दस्तावेज तैयार करने में किसी विभागीय कर्मचारी या अधिकारी की भूमिका हो सकती है।

यह भी पढ़ें :

नगर पंचायत चुनाव : पलारी में 96.10 प्रतिशत मतदान

दोषियों पर कार्रवाई की मांग

मामला सामने आने के बाद पीडि़त ने पुलिस विभाग को लिखित शिकायत पत्र दिया। फर्जी ऋण पुस्तिका बनाकर जमीन बेचने का काम करने वाले दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

मामले की जांच की जा रही है

बालोद थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा ने कहा कि इस मामले में डमेंद्र कुमार का आवेदन आया है। शिकायत पत्र के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह देखें :

Video : नगर सरकार चुनने पलारी में 96.10 प्रतिशत मतदान

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *