मुजफ्फरनगर के पचेंडा रोड स्थित राधिकापुरम के दिव्य ध्यान योग आश्रम में सोमवार को स्वामी श्रीभगवान आश्रम महाराज का तृतीय दीक्षा दिवस समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु, संत-महात्मा और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। उत्तर प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा कार्यक्रम के मुख्य अतिथि थे। उन्होंने स्वामी श्रीभगवान आश्रम महाराज द्वारा लिखित आध्यात्मिक पुस्तक “आत्म बोध चेतना के पुष्प” का विमोचन किया। समारोह का शुभारंभ अखंड रामायण पाठ के समापन के साथ हुआ। सुबह से ही आश्रम परिसर में भक्ति का माहौल था। रामायण पाठ के बाद भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर दंडी स्वामी महादेव आश्रम महाराज और जूना अखाड़े के महामंडलेश्वर स्वामी यतीन्द्रानंद गिरि महाराज सहित कई संत उपस्थित रहे। संतों ने स्वामी श्रीभगवान आश्रम महाराज को दीक्षा दिवस की शुभकामनाएं दीं और उनके आध्यात्मिक कार्यों की सराहना की। अपने संबोधन में डॉ. दिनेश शर्मा ने स्वामी श्रीभगवान आश्रम महाराज के त्याग, तपस्या और समाज सेवा की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि ऐसे संत समाज को सही दिशा प्रदान करते हैं। डॉ. शर्मा ने समाज में एकता और अखंडता बनाए रखने पर जोर देते हुए सनातन समाज को जात-पात से ऊपर उठकर एकजुट होने का आह्वान किया। स्वामी यतीन्द्रानंद गिरि महाराज ने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजन समाज को आध्यात्मिक ऊर्जा प्रदान करते हैं और संत समाज की गरिमा बढ़ाते हैं। उन्होंने ऐसे आयोजनों को निरंतर जारी रखने की आवश्यकता पर बल दिया। प्रदेश सरकार के मंत्री कपिल देव अग्रवाल भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे। समारोह की अध्यक्षता दंडी स्वामी महादेव आश्रम महाराज ने की, और संचालन संदीप शर्मा ने किया।


