समाजवादी पार्टी (सपा) द्वारा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पर सोशल मीडिया में की गई टिप्पणी के बाद नोएडा और ग्रेटर नोएडा में ‘पोस्टर वॉर’ शुरू हो गया है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सपा के खिलाफ जगह-जगह पोस्टर लगाए हैं। इन पोस्टरों में लिखा गया है, ‘समाजवादी पार्टी की यही पहचान, पिछड़ों का करें सदैव अपमान’। ये पोस्टर सपा के सोशल मीडिया हैंडल से किए गए पोस्ट के जवाब में लगाए गए हैं। भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकारी सदस्य ऋषभ राज शर्मा ने ये पोस्टर लगवाए हैं। उन्होंने बताया कि भारत सरकार में केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री और भाजपा उत्तर प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी पर समाजवादी पार्टी के मीडिया सेल द्वारा कथित तौर पर ‘नीचता भरी’ टिप्पणी की गई थी। शर्मा ने मांग की है कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव को तत्काल पंकज चौधरी से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि अखिलेश यादव को अपने मीडिया सेल के प्रमुख को हटा देना चाहिए। शर्मा ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि अखिलेश अपने पिता द्वारा दी गई सत्ता से मुख्यमंत्री बन पाए थे। वहीं, पंकज चौधरी ने 1989 में पार्षद के रूप में अपना राजनीतिक सफर शुरू किया था और आज वह केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री तथा भाजपा उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पदों पर हैं। ये पोस्टर नोएडा से लेकर ग्रेटर नोएडा तक विभिन्न स्थानों पर लगाए गए हैं।


